Darbhanga News: वर्षों से एक ही जगह पर जमे हैं कई कर्मचारी
Darbhanga News: दरभंगा नगर निगम समेत जिले के विभिन्न नगर निकायों में कई कर्मी वर्षों से एक ही डेस्क पर जमे हुए हैं। नगर विकास व आवास विभाग ने तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही कार्य में जमे कर्मियों के दायित्व में बदलाव का निर्देश दिया है। यह कदम सुशासन के लिए आवश्यक बताया गया है।

Darbhanga News: लहेरियासराय। दरभंगा नगर निगम समेत जिले के विभिन्न नगर निकायों में कई कर्मी वर्षों से एक ही डेस्क पर जमे हुए हैं। नगर निगम में एक दर्जन से अधिक कर्मी वर्षों से एक ही डेस्क पर जमे हुए हैं।
कार्य में बदलाव का निर्देश
नगर विकास व आवास विभाग की ओर से पत्र जारी होने के बाद अब ऐसे कर्मियों के बीच हलचल बढ़ गयी है। नगर विकास व आवास विभाग ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही कार्य या प्रभार में जमे कर्मियों के दायित्व में बदलाव करने का निर्देश दिया है। विभाग के विशेष सचिव शाहिद परवेज ने सभी नगर आयुक्तों तथा नगर परिषद और नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है। विभाग ने कहा है कि लंबे समय से एक ही प्रकार का काम करने वाले कर्मियों के कार्यों में आवर्तन जरूरी है, ताकि निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
कर्मियों का स्थानांतरण
विभागीय पत्र के मुताबिक किसी कर्मचारी का लंबे समय तक एक ही डेस्क या सेवा काल के दौरान एक ही प्रकार के कार्य में बने रहना प्रशासनिक दृष्टिकोण से उचित नहीं है। ऐसे में कर्मियों के कार्य और प्रभार में बदलाव को सुशासन के लिए जरूरी बताया गया है। निर्देश के अनुसार नगर निकायों में तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही डेस्क अथवा प्रभार पर कार्यरत कर्मियों की पहचान कर उनका आवर्तन किया जाना है। संबंधित कर्मियों को दूसरे कार्य या प्रभार में स्थानांतरित करने को कहा गया है। विभाग ने सभी नगर निकायों को कार्रवाई पूरी कर इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
स्थानीय हलचल
आदेश जारी होने के बाद दरभंगा नगर निगम, बेनीपुर व जाले नगर परिषद और हायाघाट, कमतौल, सिंहवाड़ा और कुशेश्वरस्थान नगर पंचायतों में लंबे समय से एक ही डेस्क या प्रभार संभाल रहे कर्मियों के बीच हलचल बढ़ गयी है। दरअसल 21 अगस्त को विभाग ने एक पत्र निर्गत किया था। इसमें सात दिनों के अंदर वर्षों से पदस्थापित कर्मियों का स्थानांतरण करने का निर्देश है। विभाग से पत्र निर्गत हुए 10 दिन बीत गये हैं। इसी बीच दरभंगा नगर निगम के नगर आयुक्त राकेश गुप्ता का तबादला हो गया है। नई नगर आयुक्त गरिमा लोहिया के पदभार संभालते ही कई वर्षों से एक ही डेस्क या प्रभार संभाल रहे कर्मियों का स्थानांतरण करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। महापौर अंजुम आरा ने बताया कि विभाग का यह फैसला स्वागत योग्य है। कार्य में पारदर्शिता और अनियमितता पर रोक के लिए यह बहुत जरूरी है। नगर आयुक्त को विभाग के इस आदेश पर पहल कर जल्द से जल्द एक ही प्रशाखा ने वर्षों से प्रतिनियुक्त कर्मियों का प्रशाखा बदलकर स्थानांतरण कर देना चाहिए।


