Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsMental Health Seminar at CM Science College Strategies for Student Well-being
समस्याओं को छोटे-छोटे भागों में बांटकर करें समाधान : डॉ. कीर्ति

समस्याओं को छोटे-छोटे भागों में बांटकर करें समाधान : डॉ. कीर्ति

संक्षेप:

दरभंगा में सीएम साइंस कॉलेज में शुक्रवार को 'नरचरिंग योर माइंड्स' विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. कीर्ति चौरसिया ने विद्यार्थियों में तनाव के कारणों पर चर्चा की। प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने मानसिक तनाव और आत्महत्या के मामलों पर चिंता जताई और तनाव प्रबंधन के उपाय साझा किए।

Dec 19, 2025 07:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

दरभंगा। विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए सीएम साइंस कॉलेज में शुक्रवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र की अध्यक्षता में ‘नरचरिंग योर माइंड्स : स्ट्रेटजी फॉर मेंटल वेलबिंग’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में मुख्य वक्ता मिल्लत कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. कीर्ति चौरसिया ने विद्यार्थियों में विभिन्न तनावों के बारे में चर्चा की। उन्होंने शैक्षणिक दबाव, परीक्षा का तनाव, पारिवारिक अपेक्षाएं, करियर संबंधी अनिश्चितता तथा सामाजिक तुलना जैसे कारकों को मानसिक तनाव का प्रमुख कारण बताया। साथ ही दैनिक जीवन में व्यक्ति को प्रभावित करने वाले सामान्य तनावों का भी तर्कपूर्ण विश्लेषण किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रस्तावित विषय पर पावर प्वाईंट प्रजेंटेशन के माध्यम से उन्होंने समस्या की पहचान करने की प्रक्रिया को समझाते हुए बताया कि किसी भी बड़ी समस्या को छोटे-छोटे भागों में बांटकर उसका समाधान अधिक सरलता से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा प्रथम स्थान प्राप्त करने की अंधी दौड़ की बजाय व्यक्ति को जो उपलब्ध है, उसमें संतोष और आत्म-संतुलन बनाए रखना चाहिए। अध्यक्षीय संबोधन में प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों में बढ़ते मानसिक तनाव और आत्महत्या के बढ़ते मामलों से जुड़े चिंताजनक आंकड़ों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते दबाव को रेखांकित करते कहा कि मानसिक शांति के बिना किसी भी लक्ष्य की सार्थक उपलब्धि संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए और शांत, संतुलित एवं सकारात्मक मन को बेहतर भविष्य की आधारशिला बताया। इससे पहले कार्यक्रम की संयोजिका सह संचालिका डॉ. सुमनदीप कौर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य और संगोष्ठी के निर्धारित विषय की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आदित्य नाथ मिश्र ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक डॉ. यूके दास, डॉ. सुजीत कुमार चौधरी, डॉ. सत्येंद्र कुमार झा, डॉ. पूजा अग्रहरि, डॉ. वीडी त्रिपाठी, डॉ. खालिद अनवर, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. रश्मि रेखा, डॉ. रवि रंजन, डॉ. आशुतोष कुमार, डॉ. स्वर्णा श्रीया, डॉ. अंशु सिन्हा, डॉ. ऋचा कुमारी, डॉ. रोहित कुमार झा, प्रवीण कुमार झा, चेतकर झा आदि थे।