सहकारिता मॉडल पर चालू की जाएगी रैयाम चीनी मिल

Feb 27, 2026 12:33 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

दरभंगा में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में रैयाम चीनी मिल को सहकारिता मॉडल पर पुनः संचालित करने हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय किसानों की भागीदारी, गन्ना क्षेत्रफल में वृद्धि की चुनौतियाँ, और सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों से आवश्यक आंकड़े शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

सहकारिता मॉडल पर चालू की जाएगी रैयाम चीनी मिल

दरभंगा। डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली से आई राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ की विशेषज्ञ टीम के साथ रैयाम चीनी मिल को सहकारिता मॉडल पर चालू करने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैयाम चीनी मिल को सहकारिता मॉडल पर पुन: संचालित करने की संभावनाओं पर विस्तृत से विचार-विमर्श किया गया। सहकारिता मॉडल के विभिन्न लाभों पर चर्चा की गई। इस मॉडल के अंतर्गत स्थानीय किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें उत्पादन, प्रबंधन एवं लाभ में प्रत्यक्ष हिस्सेदारी प्रदान करने पर बल दिया गया। बैठक में गन्ना क्षेत्रफल (रकबा) में वृद्धि से संबंधित संभावित चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला गया।

विशेष रूप से सिंचाई व्यवस्था की वर्तमान स्थिति को समीक्षा की गई। इस संदर्भ में सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ एवं विस्तारित करने, नलकूपों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा वैकल्पिक जल स्रोतों के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि गन्ना उत्पादन में सतत वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। बैठक में चीनी मिल के संचालन के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के लिए केन फिजिबिलिटी रिपोर्ट पर चर्चा की गई। इसके अंतर्गत कृषि, सहकारिता, सिंचाई, ऊर्जा, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक आंकड़ों के संग्रहण की मांग की गई, जिससे एक व्यवहार्य एवं दीर्घकालिक योजना तैयार की जा सके। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे आवश्यक आंकड़े शीघ्र उपलब्ध कराएं तथा समन्वय के साथ कार्य सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य गन्ना सलाहकार आरबी डुले, तकनीकी सलाहकार एम चौधरी, संयुक्त निबंधक विजय कुमार सिंह, सहयोग समितियां, अपर समाहर्ता राजस्व मनोज कुमार, ईख पदाधिकारी पुष्कर राज, जिला सहकारिता पदाधिकारी, मधुबनी सुदर्शन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।