बैठक में उठा अवैध वसूली का मुद्दा
जाले सीएचसी में रोगी कल्याण समिति की बैठक में अवैध वसूली पर चर्चा की गई। एंबुलेंस का उपयोग करने वाले मरीजों से वसूली की शिकायतें आईं। सदस्यों ने अस्पताल की व्यवस्था को सुधारने और दवाओं को नि:शुल्क उपलब्ध कराने की मांग की। चिकित्सकों की कमी और ड्यूटी का पालन न होने पर भी चर्चा हुई।

सिंहवाड़ा/जाले, हिटी। जाले सीएचसी में शनिवार को आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल में अवैध वसूली पर चर्चा की गई। सदस्यों ने एंबुलेंस का उपयोग करने वाले मरीजों से अवैध वसूली का मुद्दा भी उठाया। बीडीओ मनोज कुमार की अध्यक्षता एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेकानंद झा के संचालन में आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल की व्यवस्था सुदृढ़ करने और अनियमितताओं पर रोक लगाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। समिति सदस्य वली इमाम बेग चमचम ने प्रसव कक्ष में रोस्टर ड्यूटी के अनुसार अधिकृत कर्मियों के अलावा किसी अन्य के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा।
एंबुलेंस कर्मियों द्वारा कथित रूप से की जा रही वसूली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। यह भी कहा गया कि रेफर मरीजों को बिना किसी टालमटोल के तत्काल गंतव्य अस्पताल पहुंचाया जाए। सदस्य चन्दन कुमार एवं बच्ची देवी ने चिकित्सकों द्वारा रोस्टर ड्यूटी का पालन नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया। प्रसव या नसबंदी के लिए आने वाली महिलाओं को बाहर से दवा खरीदने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायत पर स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अस्पताल में उपलब्ध दवाएं नि:शुल्क दी जाएं। अल्ट्रासाउंड तकनीशियन, ईसीजी तकनीशियन एवं चिकित्सकों की कमी को लेकर वरीय अधिकारियों को पत्र भेजने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान सदस्य कामाख्या पासवान व स्वास्थ्य प्रबंधक लोकेश कुमार ने भी अपने विचार रखे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


