
दहेज की खातिर विवाहिता की कर दी हत्या, नदी में डूबो दिया था शव
दरभंगा। बिरौल थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक विवाहिता की नृशंस हत्या का मामला
दरभंगा। बिरौल थाना क्षेत्र में दहेज के लिए एक विवाहिता की नृशंस हत्या का मामला प्रकाश में आया है। 22 वर्षीया महिला का शव कोनी घाट के पास गमैला बांध में नदी से बरामद किया गया। मृतका के दोनों हाथ-पांव रस्सी से बंधे थे। शव को पानी में उपलाने से रोकने के लिए उसके शरीर पर ओखल बांध दिया गया था। मृतका की पहचान पोखराम पार मुसहरी टोला निवासी अमरजीत सदा की पत्नी राधा देवी के रूप में की गई है। उसके पति सहित अन्य ससुराल वाले घर से फरार हैं। मृतका के पिता कुशेश्वर सदा ने दहेज के रूप में एक लाख रुपए की मांग को लेकर ससुराल वालों पर उनकी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों की सौंप दिया गया। डीएमसीएच के पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद कुशेश्वर सदा ने बताया कि दो साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी अमरजीत सदा से की थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले एक लाख रुपए दहेज की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि मांग पूरी नहीं किए जाने पर ससुराल वालों ने उनकी बेटी राधा की हत्या कर शव की नदी में फेंक दिया। शव को छुपाने के लिए उसके हाथ-पांव रस्सी से बांध दिये गये थे। उसके शरीर पर भारी ओखल भी बांध दिया गया था। मृतका के पिता ने बताया कि वे जब बेटी की ससुराल पहुंचे थे तो उन्हें बताया गया कि वह बाहर गई हुई है। बेटी की ओर से इस सिलसिले में कोई सूचना नहीं मिलने पर उन्हें उसकी हत्या का शक हुआ। उन्होंने बताया कि बेटी की गुमशुदगी को लेकर उन्होंने थाने में सनहा दर्ज कराया था। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार को उसका शव नदी से निकाला गया। उन्होंने बताया कि बेटी के ससुराल के लोग घर से फरार हैं। पिता के आवेदन पर दर्ज हुई प्राथमिकी बिरौल। राधा देवी की लाश मिलने के मामले में उसके पिता के आवेदन पर बिरौल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि लाश के हाथ-पैर को बांधकर उसे ओखल से बांधकर साक्ष्य छुपाने का प्रयास किया गया था। इस मामले में मृतका के मायके साहो पंचायत के लंका टोल निवासी कुशेश्वर सहनी के आवेदन पर पति अमरजीत सदा, ससुर सियाराम सदा, भैंसुर दिनेश सदा व ननद बौधी देवी पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। इसमें बताया गया है कि दहेज के लिए आरोति राधा देवी के साथ मारपीट भी करते थे। कई दिनों से बातचीत नहीं होने पर जब हम पोखराम पहुंचे तो घर के सभी सदस्य फरार थे। ग्रामीणों ने बताया कि राधा 21 जनवरी से लापता है और घर के सभी लोग फरार हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




