पौधरोपण से मनाएं नव वर्ष : प्रधानाचार्य
दरभंगा के महारानी कल्याणी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह ने नए साल की शुरुआत पौधरोपण से करने की अपील की। इस अवसर पर शिक्षक और छात्र उपस्थित थे, जिन्होंने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाए।

दरभंगा। महारानी कल्याणी कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. मो. रहमतुल्लाह की अध्यक्षता में किया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि आज वर्ष 2026 का कॉलेज परिवार में पहला कार्यदिवस है। आज के दिन हम आह्वान करें कि सभी लोग साल के पहले दिन का आगाज पौधरोपण के साथ करें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण अपने फार्म हाउस में, खेतों-खलिहानों में व जगह रहने पर दफ्तरों में भी जरूर करें। वृक्ष है तो सांस है, सांस है तो जीवन है। इसीलिए हर जीवन को बचाना हमारी पहली जवाबदेही है। हम अपने नौनिहालों को, अपने हिंदुस्तान के भविष्य को कैसा हिंदुस्तान देकर जाएंगे, यह हम सब पर निर्भर करता है- हरित हिंदुस्तान या प्रदूषित हिंदुस्तान।
इसीलिए हमने पहल की है, नव वर्ष का आगाज, करें पौधरोपण के साथ। इस अवसर पर हम सब पौधे लगाएं और स्वच्छ सांस के साथ हरित हिंदुस्तान बनाएं। रसायन विषय की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नाज परवीन आलम ने कहा कि यकीनन आज का दिन हम लोगों के लिए अहम है। प्रधानाचार्य से प्रेरित होकर उनकी अध्यक्षता में कॉलेज में साल 2026 के पहले कार्यदिवस पर पौधे लगाकर शुरुआत की गई है। हर पेड़ में कई जिंदगियों की सांस छिपी हुई है। पेड़ हमारे लिए उतने ही जरूरी हैं जितना सांस लेना। हम जितना ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएंगे, अपने वातावरण को ग्लोबल वार्मिंग से बचाएंगे। संस्कृत की सहायक प्राध्यापिका डॉ. ममता कुमारी ने कहा कि यकीनन आज का यह पल हम लोगों के लिए यादगार व प्रेरणाओं से भरा हुआ है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रीता कुमारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक प्रभात, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के समन्वयक रंजन कुमार ठाकुर, खेल पदाधिकारी डॉ. सुरेश चंद्र सहित सभी विभागों के शिक्षक व कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




