उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छात्रा को किया गया सम्मानित
दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार ने बिजुली गांव में हेमा कुमारी को इंटरमीडिएट विज्ञान में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मानित किया। हेमा ने पूरे जिले में बालिकाओं में प्रथम और समग्र में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विधायक ने उसकी सफलता को सराहा और मेधावी छात्रों को सहयोग का आश्वासन दिया।

दरभंगा। दरभंगा ग्रामीण विधायक सह जदयू जिलाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल ने शनिवार को सदर प्रखंड के बिजुली गांव पहुंचकर अमरेश यादव की पुत्री हेमा कुमारी को इंटरमीडिएट विज्ञान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पाग-चादर से सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि हेमा ने इंटर (विज्ञान) की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे दरभंगा जिले की बालिकाओं में प्रथम स्थान तथा समग्र जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा को लोहा मनवाया है। छात्रा के परिजनों से संवाद करते हुए विधायक ने कहा कि बेटियां हमारा गौरव हैं। हेमा की यह शानदार सफलता उसकी कड़ी मेहनत और उसके माता-पिता के त्याग का प्रतिफल है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त करना यह दर्शाता है कि हमारे क्षेत्र की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं। विधायक ने विश्वास दिलाया कि मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके सपनों को साकार करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार एवं जदयू जिला उपाध्यक्ष विनोदानंद झा उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


