
गोल्ड मेडल और सर्टिफिकेट पाते ही खुशी से झूम उठे छात्र-छात्राएं
दरभंगा में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में धूमधाम से हुआ। समारोह में 26 गोल्ड मेडल और 80 पीएचडी डिग्रियां वितरित की गईं। छात्र-छात्राओं की खुशी और आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई दिया। समारोह में छात्रों का समूह फोटोग्राफी का आयोजन भी किया गया।
दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। समारोह के दौरान पूरे स्टेडियम में हर्षोल्लास का माहौल रहा। गोल्ड मेडल और डिग्री मिलते ही छात्र-छात्राएं खुशी से झूम उठे। समारोह में कुल 26 गोल्ड मेडल बांटे गए। मधुबनी के रविशंकर कुमार को ओवरऑल टॉपर बनने के कारण दो-दो गोल्ड मेडल प्रदान किये गए। समारोह में पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले 80 छात्र-छात्राओं को भी डिग्री प्रदान की गई। इसके अलावा पीजी सत्र 2022-24 में सफलता प्राप्त करने वाले 1200 छात्र-छात्राओं को दीक्षांत समारोह में डिग्री प्रदान की गई।

स्टेडियम में छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान करने के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी। गोल्ड मेडल पाने वाले छात्रों की कतार सबसे आगे थी। वे कतारबद्ध होकर मंच पर पहुंचते रहे और राज्यपाल के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त किया। पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं पंडाल में विषयवार समूह में बैठे थे। समारोह के अंत में उनकी ग्रुप फोटोग्राफी करायी गई। समारोह का उल्लास देखते ही बन रहा था। सफेद कुर्ता पायजामा में पीला पाग और गमछा लिए छात्र और लाल बार्डर वाली पीली रंग की साड़ियां पहने छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास के भाव झलक रहे थे। सुबह नौ बजे से ही छात्र-छात्राएं स्टेडियम में जुटने लगे थे। गेट संख्या तीन से छात्राओं और गेट नंबर चार से छात्रों के प्रवेश की व्यवस्था की गई थी। 10 बजे तक पूरा स्टेडियम छात्र-छात्राओं से पट गया था। कार्यक्रम 11:30 बजे से निर्धारित था। इस बीच सेल्फी और ग्रुप फोटो का भी खूब दौर चला। इसके साथ ही कैंपस छूटने का दर्द भी झलकता रहा। कार्यक्रम संपन्न होने के घंटों बाद तक छात्र-छात्राएं परिसर में नजर आते रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




