रोजगार मेले में 480 युवाओं का सीधी भर्ती के लिए किया चयन
बेनीपुर में मझौड़ा खेल मैदान में रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 16 कंपनियों ने भाग लिया। 1173 युवाओं ने निबंधन कराया, जिनमें 480 का सीधी भर्ती के लिए चयन हुआ। विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने महिलाओं को सशक्त बनाने और रोजगार में भागीदारी की प्रेरणा दी।

बेनीपुर। मझौड़ा खेल मैदान में शनिवार को रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू ने कहा कि इसमें 16 कंपनियों ने भाग लिया। मेले में कुल 1173 युवाओं ने निबंधन कराया, जिनमें से 480 युवाओं का सीधी भर्ती के लिए चयन, 90 युवाओं का कौशल प्रशिक्षण एवं नियोजन के तहत प्रशिक्षण के लिए चयन तथा 70 युवाओं ने स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया। इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, प्रखंड प्रमुख चौधरी मुकुंद कुमार राय, नप के मुख्य पार्षद, उप प्रमुख नूनून महतो, बीस सूत्री उपाध्यक्ष रजनीश सुन्दरम, जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी, बीडीओ प्रवीण कुमार, उप मुख्य पार्षद राजीव ठाकुर, बीपीएम राजन कुमार, रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू व अन्य ने किया।
विधायक प्रो. चौधरी ने कहा कि विकास एवं रोजगार को बढ़ावा देने में सर्वाधिक भरोसा सरकार को जीविका दीदियों पर है। कोई भी महत्वपूर्ण कार्य उनकी जिम्मेदारी पर सौंपा जाता है। मुख्यमंत्री महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर बढ़ावा दे रहेहैं। उन्होंने जीविका दीदियों से कहा कि रोजगार से जुड़कर अपने परिवार और समाज के विकास में बढ़-चढ़कर भाग लें। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का भ्रमण किया तथा उपस्थित युवाओं से सीधा संवाद कर प्रोत्साहित किया। जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि रोजगार सह मार्गदर्शन मेला युवाओं और जीविका दीदियों के लिए संभावनाओं का महत्वपूर्ण द्वार है। बीपीएम राजन कुमार ने कहा कि आने वाले समय में एक सुनियोजित रणनीति के तहत विभिन्न गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया जाएगा। संचार प्रबंधक राजा सागर ने कहा कि रोजगार-स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


