Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsIncomplete Road Construction Causes Traffic Chaos in Darbhanga City
सड़क निर्माण में लापरवाही से मुसीबत बढ़ी, टाउन हॉल के पास चलना मुश्किल

सड़क निर्माण में लापरवाही से मुसीबत बढ़ी, टाउन हॉल के पास चलना मुश्किल

संक्षेप:

दरभंगा शहर में अधूरे सड़क निर्माण ने लोगों के लिए परेशानियों का कारण बना दिया है। नगर निगम की लापरवाही और धीमे कार्य ने कई इलाकों को दुर्घटना प्रवण बना दिया है। स्थानीय लोग निर्माण कार्य की धीमी प्रगति से चिंतित हैं, और उम्मीद कर रहे हैं कि नगर निगम जल्द ही स्थिति को सुधारने के लिए कदम उठाएगा।

Nov 30, 2025 04:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

शहर में आधा-अधूरा सड़क निर्माण लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। पहले से ही शहर की तंग सड़कों पर वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण जाम की समस्या लगातार लोगों को परेशान कर रही थी, लेकिन अब निर्माण कंपनियों की धीमी और मनमानी कार्यशैली ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इसके बावजूद नगर निगम की चुप्पी और कार्रवाई की कमी ने लापरवाह निर्माण एजेंसियों को खुली छूट दे दी है। परिणामस्वरूप कई इलाके बदहाल सड़कों और अधूरे निर्माण के कारण दुर्घटना प्रवण क्षेत्रों में बदल गए हैं। दरभंगा जैसे तेजी से बढ़ते शहर में अधूरी सड़कें सिर्फ असुविधा ही नहीं बल्कि सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन चुकी हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जनता को उम्मीद है कि नगर निगम स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जल्द ही कार्रवाई करेगा और शहर को इस अव्यवस्था से जल्द राहत मिलेगी। शहर के लालबाग इलाके के निवासी पिछले कई महीनों से टाउन हॉल के आसपास चल रहे धीमी गति के निर्माण कार्य से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क मरम्मत का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जबकि यह स्थान शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। रोजाना हजारों लोग इस रास्ते का उपयोग करते हैं, लेकिन निर्माण एजेंसियों की लापरवाही ने इसे बेहद खतरनाक बना दिया है। निवासियों का कहना है कि टाउन हॉल के गेट के पास लालबाग की ओर करीब सौ फीट की दूरी तक सड़क का केवल एक लेन में पक्कीकरण किया गया है। वहीं दूसरी लेन पिछले कई महीनों से अधूरी पड़ी है। ढलाई न होने के कारण सड़क का कोर उखड़ा हुआ है, जिससे आते-जाते वाहन चालक अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। कई बार तो बाइक और स्कूटी का संतुलन बिगड़ते ही लोगों को गंभीर चोटें तक आई हैं। स्थानीय निवासी राजेश कुमार बताते हैं कि सड़क पर बने गड्ढे और निकली हुई सरिया (रॉड) सड़क को मौत के कुएं में बदलने जैसा काम कर रही है। कई बार देखा गया है कि सरिया से टकराकर बाइक सवार गिर गए। एक-दो बार तो टायर तक फट गया। उनका कहना है कि निर्माण एजेंसियों ने सड़क को बनाने की जगह और भी बिगाड़कर छोड़ दिया। समय पर काम खत्म न करने से यह खतरा और बढ़ गया है। लालबाग की रहने वाली रितु देवी बताती हैं कि हर दिन बच्चों को स्कूल ले जाने में बेहद कठिनाई होती है। आधे-अधूरे निर्माण कार्य के कारण नाले का पानी सड़क पर जमा रहता है, जिससे सड़क के टूटे हुए हिस्से में फिसलन बनी रहती है। हल्की बारिश हो जाए तो यह रास्ता और भी फिसलनभरा हो जाता है। कई बार मेरी स्कूटी फिसल चुकी है। लोगों में यह सवाल भी उठ रहा है कि जब नगर निगम कार्यालय के ठीक सामने ऐसी दुर्दशा है तो शहर के अन्य क्षेत्रों की हालत कैसी होगी। टाउन हॉल क्षेत्र को शहर का केंद्र माना जाता है, जहां नगर निगम के अलावा कई सरकारी और निजी कार्यालय हैं। ऐसे में यहां की अव्यवस्था यह दर्शाती है कि निगम की निगरानी और गुणवत्ता जांच कितनी कमजोर है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि निर्माण का लंबा खिंचना व्यापारियों के लिए भी नुकसानदायक साबित हो रहा है।

-बोले जिम्मेदार-

शहर के टाउन हॉल के सामने की सड़क सहित नगर निगम क्षेत्र की अधूरी अन्य सड़कों के संबंध में संबंधित एजेंसियों से जानकारी ली जाएगी। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निदेर्श पर इस दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।

- रवि अमरनाथ, सिटी मैनेजर