Darbhanga News: अवैध दाखिल-खारिज करने में तीन राजस्वकर्मी निलंबित
Darbhanga News: डीएम कौशल कुमार ने सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए तीन राजस्व कर्मचारियों को निलंबित किया। खोजकीपुर मौजा में अवैध रूप से दाखिल-खारिज के मामलों में शामिल आठ अन्य अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। जांच दल ने 27 मामलों में दोषियों की पहचान की है।

Darbhanga News: राजीव रंजन झा,दरभंगा। सरकारी भूमि की सुरक्षा एवं राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए डीएम कौशल कुमार ने तीन राजस्व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में दोषी पाए गए आठ राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रपत्र क गठित करने का निर्देश भी दिया है। मामला सदर अंचल के खोजकीपुर मौजा स्थित गैरमजरूआ खास (झील) भूमि का अवैध रूप से दाखिल-खारिज कर रैयती जमाबंदी कायम किए जाने का है।
जांच की प्रक्रिया
डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन को सूचना प्राप्त हुई थी कि सदर अंचल के खोजकीपुर मौजा, थाना संख्या 600 अंतर्गत स्थित चार बीघा 13 कट्ठा 10 धूर गैरमजरूआ खास (झील) भूमि पर प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा मिट्टी भरकर अवैध रूप से खरीद-बिक्री की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि मामले की तथ्यात्मक जांच के लिए अपर समाहर्त्ता की अध्यक्षता में भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर को शामिल करते हुए द्विसदस्यीय जांच दल का गठन किया गया। जांच दल को पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की पहचान करते हुए संयुक्त प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था।
अधिकारियों की पहचान
जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में यह स्पष्ट पाया गया कि तत्कालीन सदर सीओ, सदर राजस्व अधिकारी तथा संबंधित राजस्व कर्मचारियों द्वारा कुत्सित भावना से सरकारी भूमि के 27 मामलों में दाखिल-खारिज कर रैयती जमाबंदी कायम कर दी गई। डीएम ने दोषी पाए जाने पर सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी चन्दन कुमार शर्मा, राजस्व कर्मचारी (वर्तमान में जाले अंचल, प्रतिनियुक्ति पर बहेड़ी अंचल) नन्द लाल दास तथा राजस्व कर्मचारी नेहाल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अतिरिक्त डीएम ने मामले में दोषी पाए गए तत्कालीन सदर सीओ अरुण कुमार सक्सेना (वर्तमान में सेवानिवृत्त), तत्कालीन सदर सीओ इन्द्रसान साह (वर्तमान में सेवानिवृत्त), तत्कालीन सदर सीओ रंधीर कुमार (वर्तमान में सीओ, गौनाहा, पश्चिम चम्पारण), राजस्व अधिकारी विनीत चित्रा, तत्कालीन राजस्व कर्मचारी बबन पाल (प्रोन्नति के उपरांत अन्य जिले में पदस्थापित), तत्कालीन राजस्व कर्मचारी राधेश्याम चौधरी (सेवानिवृत्त), तत्कालीन राजस्व कर्मचारी भरत कुमार (सेवानिवृत्त), तत्कालीन राजस्व कर्मचारी पूर्णानन्द झा (सेवानिवृत्त) के विरुद्ध प्रपत्र क गठित करने का निर्देश दिया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


