ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार दरभंगाटूटा पैर तो नाव को एंबुलेंस बना पहुंचा अस्पताल

टूटा पैर तो नाव को एंबुलेंस बना पहुंचा अस्पताल

कुशेश्वरस्थान। कुशेश्वरस्थान दोनों प्रखंडों के लोगों को हर साल बाढ़ से तबाही झेलनी पड़ती...

टूटा पैर तो नाव को एंबुलेंस बना पहुंचा अस्पताल
हिन्दुस्तान टीम,दरभंगाThu, 22 Jul 2021 11:21 PM
ऐप पर पढ़ें

कुशेश्वरस्थान। कुशेश्वरस्थान दोनों प्रखंडों के लोगों को हर साल बाढ़ से तबाही झेलनी पड़ती है। लाखों लोग इससे प्रभावित होते हैं। हजारों परिवार विस्थापित होकर सड़क पर रहने को मजबूर होते हैं। कई गांव चारों ओर बाढ़ के पानी से घिरे रहते हैं। कुशेश्वरस्थान पूर्वी में साल में छह महीने से भी अधिक दिनों तक बाढ़ का पानी जमा रहता है। ऐसे में लोगों को कई तरह की मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। बाढ़ के कारण फजीहत का एक ताजा मामला कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के अकौन गांव का है। इस गांव के गणेश पंडित का भतीजा लक्ष्मण चार दिन पूर्व खेलने के दौरान गिर गया। इससे उसका दाहिना पैर टूट गया। इलाके में रजिस्टर्ड डॉक्टर नहीं होने और पूरे इलाके में बाढ़ की भयावह स्थिति से मजबूर होकर लक्ष्मण के टूटे पैर का इलाज परिजनों ने एक ग्रामीण चिकित्सक से कराया। लेकिन समुचित इलाज के अभाव में दो-तीन दिन बाद भी लक्ष्मण के पैर का दर्द ठीक नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह एक नाव की व्यवस्था की। नाव में खाट को स्ट्रेचर की तरह रखकर उसका उपयोग एम्बुलेंस के रूप में किया गया। परिजनों ने लक्ष्मण को गांव से 13 किलोमीटर दूर कुशेश्वरस्थान पीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने लक्ष्मण के टूटे पैर का समुचित इलाज कर उसे घर भेज दिया। गणेश पंडित ने बताया कि पूरे इलाके में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। ऐसे में दर्द से कराह रहे अपने भतीजे का इलाज कराने के लिए हमने नाव का सहारा लिया। इस संबंध में जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि कुछ दिन पूर्व ही मैंने कुशेश्वरस्थान पूर्वी में बाढ़ का निरीक्षण किया था। शायद ही कोई ऐसी जगह है जहां बाढ़ का पानी नहीं है। लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। किसी भी काम के लिए मात्र नाव ही साधन है। मरीज को इलाज के लिए नाव से ले जाना इस इलाके के लिए नई बात नहीं है। लेकिन मीडिया को यहां की दूसरी तस्वीर भी दिखानी चाहिए। जिस गांव से मरीज नाव से इलाज के लिए आया है, उसी गांव में राज्य सरकार नाव से अनाज पहुंचाकर सामुदायिक किचेन का संचालन कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें