
जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर की गई चर्चा
घनश्यामपुर में मंगलवार को जी राम जी योजना को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे पलायन पर रोक लगे। मीडिया को सही जानकारी साझा करने की अपील की गई ताकि ग्रामीणों को योजना का लाभ मिल सके।
घनश्यामपुर। प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जी राम जी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पीओ मो. अजहरुद्दीन ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करना तथा जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के मीडिया प्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पीओ मो. अजहरुद्दीन ने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि जी राम जी योजना इसी सोच का परिणाम है।
जिसके माध्यम से ग्रामीण गरीब, मजदूर एवं जरूरतमंद परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा रहा है। बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत संचालित होने वाले कार्यों, मजदूरी भुगतान की प्रक्रिया, जॉब कार्ड निर्गमन, कार्य दिवसों की संख्या, सामाजिक अंकेक्षण तथा पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को न्यूनतम निर्धारित दिनों का रोजगार उपलब्ध कराना है। जिससे गांवों से होने वाले पलायन पर रोक लगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों। कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे योजना से संबंधित सही और सटीक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं। अधिकारियों ने कहा कि मीडिया समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है और जी राम जी जैसी योजनाओं की सफलता में मीडिया की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आने वाले समय में प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर जी राम जी योजना को लेकर और अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगें ताकि ग्रामीणों को योजना का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों को जी राम जी योजना एवं अन्य सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। बैठक शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




