सिमरी : बाइक की डिक्की तोड़कर छीन लिए जेवरात
शैलेन्द्र कुमार, सिंहवाड़ा में एक स्वर्ण व्यवसायी से लूट की घटना हुई। अमीरी ठाकुर के पुत्र शिबु ठाकुर की दुकान से लौटते समय बदमाशों ने रास्ता रोका और उनकी बाइक गिरा दी। लूट में 3.5 किलो चांदी और 80-85 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शैलेन्द्र कुमार,सिंहवाड़ा। अतरबेल-विशनपुर पथ पर स्वर्ण व्यवसायी से लूट की घटना की चर्चा मंगलवार को दिनभर क्षेत्र में होती रही। बताया गया है कि सिंहवाड़ा नगर पंचायत के वार्ड एक निवासी अमीरी ठाकुर के पुत्र शिबु ठाकुर सिमरी थाना क्षेत्र के बिरदीपुर चौक पर गायत्री ज्वेलर्स एंड बर्तन भंडार नामक दुकान चलाते हैं। गत एक जून की देर शाम दुकान बंद कर वे अपने पिता अमीरी ठाकुर के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। अतरबेल-विशनपुर पथ पर शिवगंगा गोदाम के पास मोड़ पर जैसे ही पहुंचे, घात लगाए एक युवक ने बीच सड़क पर बाइक खड़ी कर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद बदमाश ने उनकी बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। तभी पीछे से दूसरी बाइक पर सवार तीन अन्य अपराधी भी पहुंच गए। सभी बदमाशों ने मिलकर पिता-पुत्र के साथ धक्का-मुक्की की और बाइक की डिक्की तोड़ दी。
लूट की सामग्री
डिक्की में रखे लाल रंग के झोले में सोने-चांदी के आभूषण थे। उसे बदमाश लेकर फरार हो गए। लूटे गए सामान में लगभग साढ़े तीन किलो चांदी के आभूषण शामिल हैं। करीब 80 से 85 ग्राम सोने के आभूषण भी अपराधियो ने लूट लिये। इसके अलावा बदमाशों ने व्यवसायी की जेब से करीब 25 सौ रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य आवश्यक कागजात भी छीन लिये।
पुलिस कार्रवाई
पीड़ित ने बताया कि अंधेरा होने के कारण वह अपराधियों की पहचान नहीं कर सके। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक से बिरदीपुर की ओर भाग गये। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार तथा तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। स्वर्ण व्यवसायी ने बताया कि वर्ष 2017 को भी उनकी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। उस समय चोरों ने दुकान का शटर और ताला तोड़कर लोहे की तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषणों समेत पूरी तिजोरी ही उठाकर गायब कर दिया था। उस कांड का आज तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। लूट की इस घटना से क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


