बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को नहीं मिल रही गैस
मनीगाछी स्थित रहमानी गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। 36 हजार उपभोक्ताओं में से 14 हजार उज्वला योजना के हैं। महिलाएं सुबह चार बजे से कतार में खड़ी हैं। प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता से लोग परेशान हैं। गैस एजेंसी प्रबंधक ने होम डिलीवरी की व्यवस्था शुरू करने की बात कही है।

मनीगाछी,। बुकिंग के मेसेज के बाद भी सुबह से कतार में खड़े उपभोक्ताओं को मनीगाछी स्थित रहमानी गैस एजेंसी से उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति संभव नहीं हो पा रही है। करीब 36 हजार उपभोक्ताओं वाले इस गैस एजेंसी में करीब 14 हजार उज्वला योजना के उपभोक्ता शामिल हैं। होम डिलीवरी की व्यवस्था बंद रहने से उपभोक्ताओं को एजेंसी में कतार में खड़े होकर गैस सिलेंडर लेने की मजबूरी ऐसी है कि सुबह चार बजे से ही उपभोक्ता अपनी बारी की प्रतीक्षा में कतार में खड़े हो जाते हैं। इनमें आधे से अधिक ऐसी महिलाएं शामिल होती हैं जिनके पुरुष परदेश में रहकर मजदूरी करते हैं।
इन उपभोक्ताओं में ऐसे अनेक उपभोक्ता शामिल होते हैं जिन्हें अपनी बारी आने पर उनके गैस की डिलीवरी दिखा कर वापस कर दिया जाता है। बुधवार की शाम इसकी तहकीकात में गैस एजेंसी पर सुबह से अपनी बारी की प्रतीक्षा में खड़ी नारायण पुर गांव की नजराना उपभोक्ता ने बताया कि गत एक अप्रैल को डी ए सी का मैसेज मिला था लेकिन गैस डिलीवरी हो जाने की बात बतलाकर वापस कर दिया गया है। अपनी बारी की प्रतीक्षा में दिनभर खड़े रहकर निराश लौटने वाले दहौड़ा गांव निवासी दिव्यांग इरशाद आलम ने बताया कि 29 मार्च को गैस के लिए नंबर लगाया था जिसकी डिलीवरी नहीं की गई है।इसी तरह राम पुर उदई गांव निवासी रतन देवी का कहना था कि नंबर लगाने के बाद बुधवार को जब गैस के लिए पहुंचे तो 23 मार्च को ही गैस की डिलीवरी होने की जानकारी देकर वापस कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि एजेंसी से दूर दराज से आने वाले लोगों को दिनभर भूखे-प्यासे खड़े होकर गैस नहीं मिलने से होने वाली परेशानी के निदान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता कारण है। इस संबंध में गैस एजेंसी के प्रबंधक ने बताया कि मैसेज में गड़बड़ी की शिकायतों को समय रहते दूर कर डिलिवरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके निदान के लिए गुरुवार से होम डिलीवरी शुरू की जा रही है जिससे उनके मैसेज पर घर बैठे गैस की आपूर्ति होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


