साजिश के तहत की गई ललित बाबू की हत्या : अश्विनी
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि तत्कालीन रेल मंत्री ललित बाबू की हत्या साजिशन की गई। उन्होंने कहा कि इलाज में देरी के कारण उनकी जान बचाई जा सकती थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप...

जाले। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि तत्कालीन रेल मंत्री ललित बाबू की हत्या साजिशन करायी गयी। समस्तीपुर में गोली लगने के बाद उन्हें नजदीक के डीएमसीएच नहीं ले जाकर दानापुर स्थित रेल अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने में 18 घंटे का समय लग गया। अगर समय पर इलाज हुआ होता तो उनकी जान बच सकती थी। इस पर जल्द ही फैसला आने वाला है। मिथिला की जनता को इसका इंतजार है। ये बातें उन्होंने रविवार को जाले के ब्रह्मपुर स्थित टीबीएस प्लस टू हाई स्कूल परिसर में आयोजित एनडीए के विस क्षेत्र स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह विनाशकारी गठबंधन है। उन्होंने कहा कि जेपी के नेतृत्व वाला ‘संपूर्ण क्रांति कांग्रेस की लोकतंत्र विरोधी कार्यों व तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तानाशाही के विरुद्ध था। उस आंदोलन में लालू प्रसाद यादव भी भागीदार थे। आज वे कांग्रेस की गोद में खेल रहे हैं। उन्होंने लालू प्रसाद से सवाल पूछा कि क्या जेपी का आंदोलन गलत था? भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने जन-जन तक विकास पहुंचाकर मानव मूल्यों की रक्षा की है। बिहार के विकास मॉडल को अन्य राज्य भी अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म नहीं तो हम और आप नहीं। इसीलिए एनडीए सरकार ने अहिल्यास्थान जैसे पावन स्थल के विकास के लिए 36 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने लोगों से नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर से एनडीए सरकार बनाने का आह्वान किया। नगर विकास व आवास मंत्री जीवेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एनडीए की सरकार जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत से लगातार विकास का नया नया अध्याय लिख रही है। सम्मेलन को पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, पूर्व मंत्री रंजू गीता, विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, आरएलएम के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रो. आदित्य नारायण मन्ना, प्रदेश मंत्री हेमंत कुमार झा, रंगनाथ ठाकुर, हम के जिलाध्यक्ष मनोज सदा, एलजेपी (आर) के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार झा, आरएलएम के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी पासवान, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार महासेठ, वली इमाम बेग चमचम, गणेश चौबे, अतहर इमाम बेग आदि ने संबोधित किया। जदयू जिलाध्यक्ष ईश्वर मंडल की अध्यक्षता में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन भाजपा नेत्री अंजनी निषाद और धन्यवाद ज्ञापन एलजेपी (आर) के देवेंद्र कुमार झा ने किया। इस दौरान पिछले 10 वर्षों में विधायक सह मंत्री जीवेश कुमार द्वारा जाले विस क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों से संबंधित एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




