एनएच पर बेकाबू कार की ठोकर से स्कूटी सवार की मौत, दो घायल
मंगलवार शाम दरभंगा-जयनगर एनएच 527 बी पर खिरमा के पास एक कार और स्कूटी की भिड़ंत में स्कूटी सवार प्रमोद बच्चन मिश्र (55) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार सवार दो युवक घायल हो गए। मृतक के बैग में छह लाख रुपये से अधिक थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।

शेष नारायण झा,केवटी। थाना क्षेत्र के दरभंगा-जयनगर एनएच 527 बी पर खिरमा के पास मंगलवार की शाम 5.45 बजे कार और स्कूटी की भिड़ंत में स्कूटी सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार दो लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के मुरलियाचक गांव के निवासी प्रमोद बच्चन मिश्र (55) के रूप में हुई है। दोनों वाहन दुर्घटना के बाद सड़क किनारे गड्ढे में पलटकर क्षतिग्रस्त हो गये। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सदन राम डायल 112 की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस को मृतक के नाम-पते की जानकारी उसके पास से बरामद आधार कार्ड से हुई। कार सवार घायल दरभंगा शिवधरा के महताब खान (22) व फरमान खान (19) हैं।बताया गया है कि कार सवार दोनों युवक जयनगर स्थित ननिहाल से अपने घर शिवधारा लौट रहे थे। वहीं, स्कूटी सवार दरभंगा की ओर से आ रहा था। इसी बीच उक्त स्थल पर दोनों वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें स्कूटी सवार सड़क किनारे फेंका गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। कार सवार दोनों घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।बताया गया है कि मृतक के बैग में छह लाख से अधिक रुपये थे। घटना के बाद वह बैग फेंका गया और उसमें रखे रुपए इधर-उधर बिखर गए। उसे स्थानीय कुछ लोगों ने चुनना शुरू किया। हालांकि पुलिस की तत्परता से सभी रुपये बरामद कर लिये गये। पुलिस ने उसके पास से मिले मोबाइल नम्बर के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। कार महताब खान चला रहा था। थानाध्यक्ष ने रुपये थाने पर जमा किये जाने की बात कही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मृतक के बैग में छह लाख 28 हजार रुपए थे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


