फार्मर आईडी बनाने में जटिल नियमों ने रोकी रफ्तार

Feb 12, 2026 12:12 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share

बेनीपुर में फार्मर आईडी बनाने का तीसरा चरण निर्धारित लक्ष्य से पीछे चल रहा है। 12,191 किसानों में से 23 प्रतिशत और 8,421 किसानों में से 34 प्रतिशत की ही आईडी बनी है। जमाबंदी, वंशावली और परिमार्जन प्लस की समस्याएं बाधक हैं। किसान लाभ से वंचित होने की चिंता व्यक्त कर रहे हैं।

फार्मर आईडी बनाने में जटिल नियमों ने रोकी रफ्तार

बेनीपुर। फार्मर आईडी बनाने के तीसरे चरण के अंतिम दिन बुधवार को भी अनुमंडल क्षेत्र निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे रहा। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों को फार्मर आईडी बनाने में स्वयं जमाबंदी, वंशावली व परिमार्जन प्लस की समस्याएं बड़ी बाधा बनकर सामने आ रही हैं। इन तकनीकी व दस्तावेजी त्रुटियों के समाधान के बाद ही लक्ष्य पूरा होने की संभावना जताई जा रही है। कृषि विभाग के सूत्रों के अनुसार बेनीपुर प्रखंड में कुल 12,191 लाभुक किसानों में से 11 फरवरी तक मात्र 23 प्रतिशत किसानों की ही फार्मर आईडी बन पाई है। वहीं अलीनगर प्रखंड के 8,421 किसानों में से सिर्फ 34 प्रतिशत का ही आईडी निर्माण हो सका है।

दोनों प्रखंडों में कागजी दस्तावेजों की त्रुटियों के कारण कार्य निर्धारित लक्ष्य से काफी पीछे चल रहा है। विभागीय अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है कि स्वयं जमाबंदी, वंशावली और परिमार्जन प्लस से जुड़ी समस्याएं लक्ष्य प्राप्ति में मुख्य बाधक हैं। प्रशासन द्वारा गांव-गांव में किसान कैंप लगाकर तथा वीएलई के माध्यम से खाता, खेसरा व रकबा संबंधी त्रुटियों को दूर करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करवाए गए। बेनीपुर प्रखंड की 16 पंचायतों में 48 वीएलई तथा अलीनगर की 11 पंचायतों में 33 वीएलई के माध्यम से अभियान चलाया गया, लेकिन प्रयास अपेक्षित परिणाम नहीं दे सका। सूत्रों के अनुसार फार्मर आईडी नहीं बनने से किसान योजना के लाभ से वंचित होने की आशंका से चिंतित हैं। तरौनी, हरिपुर, हाबीभौआड़ और नवादा के किसान सुनील कुमार झा, लक्ष्मण झा सरदार, कृष्णकांत झा, सुधीरचंद्र झा, आमोदचंद्र झा और अनिल कुमार झा ने आरोप लगाया कि चयनित किसानों को लाभ से वंचित किया जा रहा है। उनका कहना है कि अंचल कार्यालय की उदासीनता और लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। अनुमंडल कृषि अधिकारी धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि अधिकांश लाभुकों की जमीन उनके नाम पर दर्ज नहीं होने के कारण फार्मर आईडी बनाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयास के बावजूद बेनीपुर और अलीनगर में क्रमशः 23 से 34 प्रतिशत किसानों की ही आईडी बन सका है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।