कम्युनिकेशन स्किल में दक्ष होंगे दिव्यांग छात्र-छात्राएं
दरभंगा में नेत्रम फाउंडेशन द्वारा दृष्टि दिव्यांग एवं अन्य दिव्यांग छात्रों के लिए तीन माह का अंग्रेजी स्पीकिंग एवं कम्युनिकेशन स्किल डेवलपमेंट कोर्स शुरू किया गया है। इस कोर्स का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और संवाद क्षमता को बढ़ाना है, ताकि वे शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सक्षम बन सकें।

दरभंगा। नेत्रम फाउंडेशन के तत्वावधान में दृष्टि दिव्यांग एवं अन्य दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए तीन माह का अंग्रेजी स्पीकिंग एवं कम्युनिकेशन स्किल डेवलपमेंट कोर्स एक मार्च से शुरू किया गया है। इसके लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से आमंत्रित आवेदनों में से लगभग 20 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, शुद्ध उच्चारण, प्रभावी संवाद क्षमता तथा व्यक्तित्व विकास को सुदृढ़ करना है, ताकि वे शिक्षा, प्रतियोगिता एवं रोजगार के क्षेत्र में सशक्त रूप से आगे बढ़ सकें। फाउंडेशन की संरक्षक एवं सीएम कॉलेज की सेवानिवृत्त अंग्रेजी प्राध्यापिका डॉ. इंदिरा झा अतिथि शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी।
प्रशिक्षण का संचालन उज्जवल कुमार कर रहे हैं, जो स्वयं दृष्टि दिव्यांग हैं और भाषा एवं कंप्यूटर कौशल में दक्ष हैं। वे राजकीय नेत्रहीन उच्च विद्यालय (पुअर होम) के पूर्व छात्र हैं और युवा प्रेरणा के रूप में विद्यार्थियों का नेतृत्व करेंगे। फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष राकेश किरण झा ने कहा कि दिव्यांग छात्र-छात्राओं को केवल अवसर ही नहीं, बल्कि प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रदान करना समय की मांग है। भाषा और संप्रेषण कौशल उनके आत्मसम्मान एवं आत्मनिर्भरता की आधारशिला है। इस अवसर पर प्रो. जयशंकर झा, डॉ. इंदिरा झा, डॉ. सूरज, रमेश कुमार सिंह, राघवेंद्र मोहन चौधरी, उज्जवल कुमार आदि ने अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



