स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार किया जा रहा बेहतर : सांसद
सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने डीएमसीएच में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए प्राचार्य डॉ. अलका झा और अधीक्षक डॉ. शीला कुमारी की सराहना की। सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि सरकार कमियों को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है। रिटायर होने वाले कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि डीएमसीएच का स्वर्णिम इतिहास रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। अपने कार्यकाल में दरभंगा मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अलका झा एवं अधीक्षक डॉ. शीला कुमारी ने संस्थान की बेहतरी के लिए पूरी निष्ठा से काम किया। वे शुक्रवार को डीएमसी ऑडिटोरियम में बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की ओर से आयोजित सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। जो कमियां हैं, उन्हें हम गंभीरता से लेते हैं।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कुछ कमियां हैं, जिन्हें दूर करने को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य और अधीक्षक ने मरीजों की सेवा में लगातार योगदान किया है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि 31 दिसंबर को सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पीड़ित मानवता की सेवा में अपना योगदान करती रहेंगी। केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा कि प्राचार्य डॉ. अलका झा एवं अधीक्षक डॉ. शीला कुमारी मरीजों की जरूरतों को पूरा करने में हमेशा तत्पर रहती हैं। बेनीपुर विधायक डॉ. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि मौजूदा प्राचार्य व अधीक्षक की नेतृत्व में डीएमसीएच में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुईं हैं। प्राचार्य डॉ. अलका झा ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह उनके जीवन का सबसे भावुक व स्मरणीय झण हैं। छात्रों व मरीजों के हित में उन्होंने हमेशा फैसला लिया। डॉ. शीला कुमारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे कर्तव्यनिष्ठ हैं। अधीक्षक डॉ. शीला कुमारी ने कहा कि इस प्रतिष्ठित संस्थान का सेवा करने का मौका मिलने से वे अभिभूत हैं। उनकी यात्रा बहुत सरल नहीं थी। कई चुनौतियां आई, जिन्हें स्वीकारते हुए मरीजों की बेहतरी के लिए उन्होंने हमेशा निर्णय लिए। इससे पूर्व बिहार राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि प्राचार्य और अधीक्षक के नेतृत्व में संस्थान लगातार आगे बढ़ता रहा। कर्मचारियों के प्रति हमेशा उनका रवैया स्नेहपूर्णा रहा। मौके पर डीएमसी के पूर्व प्राचार्य डॉ. कृपा नाथ मिश्रा व डॉ. संतोष कुमार मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। इनके अलावा रिटायर होने वाले दो दर्जन से अधिक कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर मंच पर उपाधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार व डॉ. अमित कुमार झा भी मंच पर मौजूद थे। स्वागत रामचंद्र चंद्रेश ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उदय सिंह, संजय कुमार, सूर्यवंश यादव आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




