
बाजारों में देर शाम तक जमकर खरीदारी
दरभंगा में दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर और गांवों में लोगों में उत्साह है। बाजारों में मिठाई, पूजा सामग्री, पटाखे और सजावट की खरीदारी जोरों पर है। बच्चों में पटाखों और मिट्टी के...
दरभंगा, हिटी। दीपावली का त्योहार सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर हर तरफ रौनक दिख रही है। शहर से लेकर गांव तक लोगों में उत्साह दिख रहा है। पर्व को लेकर रविवार से ही बाजारों में खरीदारी शुरू हो गयी जो देर शाम तक जारी रही। शहर के सभी बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों की भीड़ के कारण रुक-रुककर ट्रैफिक जाम भी लगता रहा। शहर के बाजारों में मिठाई, पूजा-पाठ, सजावट, इलेक्ट्रिक, मिट्टी के बर्तन, फल आदि की दुकानों में दिनभर भीड़ जुटी रही। पटाखे की दुकानों में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसे लेकर खासकर बच्चों में अधिक उत्साह दिख रहा था।

पिछले साल के मुकाबले कीमतें अधिक होने के बावजूद लोगों ने जमकर पटाखे खरीदे। बच्चों ने मिट्टी के खिलौनों की भी जमकर खरीदारी की। बच्चों ने अपनी पसंद के पटाखों की जमकर खरीदारी की। लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ डिजाइनदार दीए व मोमबत्तियों की भी जमकर खरीदारी की। अलग-अलग रंगों व डिजाइन में बनी मोमबत्तियां लोगों को खासा आकर्षित कर रही थी। दीपावली के लिए लोगों ने बताशा, मखान, लावा आदि की भी खरीदारी की। दरभंगा टावर पर खरीदारी कर रहे लालबाग के रमन झा ने कहा कि भीड़ से बचने के लिए सुबह ही खरीदारी के लिए आ गए हैं। बाजारों में लोगों ने रंग-बिरंगी मोमबत्तियां तथा रंगोली बनाने के लिए सामग्री खरीदी। इसके अलावा बिजली के रंग-बिरंगे बल्ब और झालर भी खरीदे। वहीं, बंगलागढ़ की पूजा कुमारी ने कहा कि दीपावली के मौके पर रंगोली बनाने के लिए सामग्री की खरीदारी की है। इसके अलावा पूजा की सामग्री भी खरीदी है। इस मौके पर शहरभर में जगह-जगह सड़कों के किनारे अस्थायी दुकानें सजी हुई हैं। बाजार में रंग-बिरंगी रंगोली व स्टिकर की दुकानों में भी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजारों में खरीदारी होने से दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक देखी गई। सोमवार को भी शहर के बाजारों में लोग दिनभर खरीदारी करेंगे। मिठाई, पूजा सामग्री, पटाखे आदि के दुकानदारों को इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




