Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsDistrict Fertilizer Monitoring Committee Meeting Addresses Farmers Concerns
किसानों को उचित मूल्य पर उपलब्ध हो खाद : डीएम

किसानों को उचित मूल्य पर उपलब्ध हो खाद : डीएम

संक्षेप:

दरभंगा में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला उर्वरक निगरानी समिति की बैठक हुई। किसानों को उचित मूल्य पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विधायक ने बीज के अंकुरण की समस्या और खाद की कालाबाजारी पर चर्चा की। किसानों को राहत और उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उपाय सुझाए गए।

Dec 14, 2025 01:12 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

दरभंगा। डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला उर्वरक निगरानी समिति की बैठक शनिवार को आयोजित की गई। किसानों को यूरिया एवं डीएपी के साथ अन्य उत्पादों की टैगिंग नहीं करने एवं उर्वरक उचित मूल्य पर किसानों को उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिया गया। डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रत्येक खुदरा उर्वरक विक्रेता की सतत निगरानी एवं उर्वरक परिचालन करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में उपस्थित विधायकों ने गेहूं में अंकुरण नहीं होने की शिकायत की। डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को इसकी जानकारी मुख्यालय स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने अनुदानित दर पर वितरित एचडी 2967 बीज की अंकुरण क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के खेत का अविलंब निरीक्षण प्रतिवेदन विभाग को भेजा जाए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसके लिए किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक को निर्देशित किया जाय जिससे किसान दोबारा समय पूर्व बुवाई कर सकें और उन्हें सरकार से उचित राहत भी मिले। विधायक श्री चौधरी ने खाद की कालाबाजारी पर पूर्ण रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान समय में 60 फीसदी से अधिक बुआई हो चुका है, लेकिन सरकार द्वारा निर्धारित उचित मूल्य पर एक भी किसान को उर्वरक उपलब्ध नहीं हो पाया है। डीएपी और यूरिया की अनुपलब्धता और मनमाने मूल्य को लेकर किसान त्रस्त हैं। इस पर रोक लगनी चाहिए और किसानों को सहज और सुलभ खाद-बीज अविलंब उपलब्ध होना चाहिए। बैठक में केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, हायाघाट विधायक डॉ. रामचन्द्र प्रसाद, कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं थोक उर्वरक विक्रेता आदि उपस्थित थे।