भूकंप जैसी आपदा से बचाव का किया अभ्यास
दरभंगा में गुरुवार को 8:20 बजे भूकंप के बाद राहत एवं बचाव का मॉक ड्रिल किया गया। 8.0 तीव्रता के भूकंप के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभ्यास आयोजित किया। इसमें सामुदायिक स्वयंसेवकों और बचाव दलों ने पांच प्रमुख स्थलों पर पहुँचकर 90 प्रभावित व्यक्तियों को रेस्क्यू किया और चिकित्सा सहायता प्रदान की।

दरभंगा। शहर के पांच स्थलों पर गुरुवार की सुबह 8:20 बजे भूकंप के बाद राहत एवं बचाव का संयुक्त अभ्यास (मॉक ड्रिल) किया गया। अभ्यास के तहत 8.0 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन की ओर से व्यापक राहत एवं बचाव का अभ्यास आयोजित किया गया। डीएम कौशल कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर और वरीय उपसमाहर्ता भानु चंद्रा के मार्गदर्शन में इस पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। अभ्यास के तहत सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वयंसेवकों और बचाव दलों की टीमें शहर के पांच प्रमुख क्षतिग्रस्त स्थलों पर पहुंचीं। अभ्यास का आयोजन राजकीय मध्य विद्यालय (पुअर होम), समाहरणालय स्थित उर्दू राजभाषा कोषांग, राजकुमारगंज स्थित रिलायंस ट्रेंड्स, डीएमसीएच एवं सैदनगर स्थित सत्यनाम पेट्रोल पंप पर किया गया।
मॉक ड्रिल के क्रम में विभिन्न स्थलों से कुल 90 प्रभावित व्यक्तियों को रेस्क्यू किया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को तत्काल डीएमसीएच परिसर में बने अस्थायी अस्पताल में भर्ती कराने का अभ्यास किया गया। अन्य घायलों को आदर्श मध्य विद्यालय स्थित राहत शिविर में भेजा गया। इस शिविर में सहायता डेस्क, भोजन के लिए रसोई और मानसिक स्वास्थ्य के लिए मनोचिकित्सक के काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई। नगर निगम की ओर से मलबे को हटाने का अभ्यास किया गया। पीएचईडी विभाग ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत की। बीएसएनएल ने संचार व्यवस्था बहाल करने, विद्युत विभाग ने आपूर्ति व खंभों की मरम्मत का अभ्यास किया। यह अभ्यास भविष्य में आने वाली किसी भी आपदा के प्रति हमारी तैयारी और विभागों के बीच समन्वय को परखने के लिए किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


