सिंहवाड़ा:मारपीट में जख्मी हुई महिला की इलाज के दौरान हो गयी मौत
सिंहवाड़ा में भूमि विवाद में हुई मारपीट के बाद 60 वर्षीय छोटकन देवी की डीएमसीएच में मौत हो गई। 9 जून को उनका बयान दर्ज किया गया था। आरोपियों में सतन सहनी और उसके परिवार के सदस्य शामिल हैं, जिन्होंने 7 जून को छोटकन देवी और उनके परिवार पर हमला किया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

शैलेन्द्र कुमार,सिंहवाड़ा। स्थानीय थाना क्षेत्र के राजो निवासी स्व रामवृक्ष सहनी की साठ वर्षीय पत्नी छोटकन देवी की मौत इलाज के दौरान डीएमसीएच में हो गई। भूमि विवाद में हुई मारपीट में जख्मी होने के बाद उसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। बताया गया है कि छोटकन देवी का फर्दबयान 9 जून को डीएमसीएच में बेंता थाना की पुलिस ने दर्ज किया था। फर्दबयान के आधार पर सिंहवाड़ा थाना मे गुरुवार को एफआईआर दर्ज की गई। मामले में राजो गांव निवासी सतन सहनी तथा उसके पुत्र दीपक सहनी, पप्पू सहनी, पंकज सहनी एवं पुत्री अनिता कुमारी को नामजद किया गया है।
छोटकन देवी ने आरोप लगाया था कि जमीन विवाद को लेकर सात जून की शाम आरोपितों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की, गला दबाने का प्रयास किया तथा नगद राशि एवं सोने का आभूषण छीन लिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहू रूपा देवी के साथ भी मारपीट एवं दुर्व्यवहार किया।इस संबंध में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एवं अनुसंधान में प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


