Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsDarbhanga Six Arrested in Murder and Rape of 6-Year-Old Girl
मासूम से रेप व हत्या मामले में छह उपद्रवी गिरफ्तार

मासूम से रेप व हत्या मामले में छह उपद्रवी गिरफ्तार

संक्षेप:

दरभंगा में छह वर्षीया बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार किया है। मुख्य अभियुक्त विकास महतो को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। बवाल करने वालों पर कठोर कार्रवाई के लिए पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान करना शुरू कर दिया है।

Feb 10, 2026 12:22 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

दरभंगा। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में गत शनिवार की रात छह वर्षीया बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या होने के बाद रविवार को किये गए बवाल मामले में पुलिस ने छह युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान श्रवण साह, विकास सहनी, उमेश राम, राहुल सहनी, परशुराम सहनी एवं नंदलाल सहनी के रूप में की गयी है। सभी आरोपित आसपास के मोहल्ले के ही रहने वाले हैं। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त विकास महतो को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में कादिराबाद, बाघ मोड़ व बेला दुर्गा मंदिर के पास बवाल करने वाले 43 नामजद व 40 से 50 अज्ञात उपद्रवियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के बयान पर सरकारी काम में बाधा डालने, सड़क जाम, आगजनी व तोड़फोड़ करने के आरोप में विश्वविद्यालय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। प्राथमिकी में सुंदरपुर सहनी टोला, नौआगढ़ी, कादिराबाद, बेला शंकर, सुंदरपुर आदि मोहल्लों के युवकों को आरोपित किया गया है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि उपद्रव करने वालों की वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान की जा रहा है। सभी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य अपराध के बाद रविवार को शहर में हुए बवाल के बाद सोमवार को माहौल पूरी तरह शांत दिखा। रविवार की शाम बच्ची के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शहर में उत्पात मचाने वालों पर पुलिस कठोर कार्रवाई करने में जुट गई थी। किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए दरभंगा के विभिन्न थानों की पुलिस के अलावा मधुबनी जिले से भी पुलिस अधिकारियों व जवानों को बुला लिया गया था। सोमवार को भी पुलिस की पैनी नजर पूरे क्षेत्र पर बनी हुई थी। बाघ मोड़ के पास एक वैन पुलिस गाड़ी दिनभर लगी हुई थी। इसके अलावा क्यूआरटी वाहन एवं थाने की गश्ती गाड़ी भी इस क्षेत्र में लगातार गश्त लगा रही थी।