आज से विद्यालयों का संचालन प्रात:कालीन
दरभंगा में सभी सरकारी विद्यालय 6 अप्रैल से 31 मई तक सुबह 6:30 से 12:30 बजे तक संचालित होंगे। प्रार्थना का समय 6:30 से 7 बजे तक रहेगा। मध्यांतर का समय 9 से 9:40 बजे तक होगा। गर्मी को ध्यान में रखते हुए, विद्यालयों के संचालन को संशोधित किया गया है।

दरभंगा। जिले के सभी सरकारी विद्यालय छह अप्रैल सोमवार से 31 मई तक प्रात:कालीन संचालित किये जाएंगे। प्रारंभिक व माध्यमिक विद्यालयों का संचालन सुबह 6:30 से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा। संशोधित समय सारणी के अनुसार प्रात: 6:30 से सात बजे तक प्रार्थना आदि का समय निर्धारित किया गया है। बच्चों की छुट्टी 12.20 बजे होगी। इसके बाद 10 मिनट का समय अर्थात 12:30 बजे तक एचएम शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा तथा अगले दिन के लिए कार्ययोजना एवं छात्रों को दिए गए गृह कार्य की समीक्षा तथा जांच करेंगे। मध्यांतर का समय नौ से 9:40 बजे तक निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा समय सारणी के मुताबिक प्रत्येक दिन सात घंटी होगी। पहली घंटी सात से 7:40 बजे तक होगी। इसी प्रकार मध्यांतर से पूर्व नौ बजे तक 40-40 मिनट की दो और घंटी होगी। इसी प्रकार मध्यांतर के बाद 40-40 मिनट की चार घंटी होगी। इस आशय का पत्र माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने जारी किया है।जिन विद्यालयों में पहले से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं की संख्या अधिक होगी तथा एक साथ मध्यांतर अवधि में मध्याह्न भोजन का संचालन करने में सुविधा होती है तो वैसे विद्यालयों के एचएम दो समय अंतराल में आधे छात्र एवं छात्राओं को (वर्ग चिन्हित करते हुए) मध्यांतर अवधि में तथा शेष आधे छात्र-छात्राओं को आवश्यकता अनुसार तीसरी अथवा चौथी घंटी में मध्याह्न भोजन करा सकेंगे। निर्धारित मध्यांतर अवधि में ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए अध्यापन कार्य किया जाएगा। वहीं, दो शिफ्टों वाले विद्यालयों के संबंध में डीईओ गर्मी को ध्यान में रखकर निर्णय लेंगे।विभागीय निर्देश में कहा गया है कि ग्रीष्म काल में राज्य में पड़ने वाली भीषण गर्मी एवं लू को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी डीएम अपने स्तर से प्रारंभिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के संचालन को संशोधित कर सकते हैं। निदेशक ने स्पष्ट किया है कि ग्रीष्म अवकाश के बाद राज्य के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों का संचालन पूर्व वक्त 9:30 से चार बजे अपराह्न तक किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


