रसायन के समीकरणों में उलझते रहे छात्र
दरभंगा में शनिवार को 69 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। रसायन शास्त्र की परीक्षा सबसे कठिन रही, जिससे कई परीक्षार्थी चिंतित दिखे। दूसरी पाली में अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान छात्रों ने संतोष व्यक्त किया। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, लेकिन यातायात की समस्या बनी रही।

दरभंगा। जिले के 69 केंद्रों पर शनिवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। परीक्षा के पांचवें दिन प्रथम पाली में विज्ञान संकाय के रसायन शास्त्र एवं द्वितीय पाली में कला संकाय एवं वोकेशनल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित हुई। प्रथम पाली में रसायन शास्त्र की परीक्षा देकर निकले कई परीक्षार्थियों के चेहरे पर चिंता के भाव झलक रहे थे। उनके अनुसार अब तक की परीक्षा में सबसे कठिन प्रश्न पत्र रसायन शास्त्र का ही रहा। परीक्षार्थी रसायन के समीकरणों में उलझते रहे। परीक्षार्थी रेहान, आज़ाद, अनवर, समीर शेख, नवनीत कुमार, संध्या कुमारी, रौशनी, अमित आदि ने बताया कि रसायन शास्त्र में विशेषकर ऑर्गेनिक केमिस्ट्री के प्रश्न काफी कठिन थे।
ऑब्जेक्टिव प्रश्न भी बहुत उलझे हुए थे। सब्जेक्टिव प्रश्नों ने भी छात्रों को भ्रम में डाल दिया, जिससे समय प्रबंधन में परेशानी हुई। छात्राओं रश्मि और राधिका ने बताया कि प्रश्नों का स्तर सामान्य नहीं था। कई प्रश्न समझ से बाहर थे। परीक्षार्थियों ने बताया कि सामान्य तैयारी वालों के लिए रसायन शास्त्र का प्रश्न पत्र बेहद कठिन रहा। हालांकि दूसरी पाली में अंग्रेजी की परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी प्रश्न पत्र से संतुष्ट दिखे। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही छात्रों का पहुंचना शुरू हो गया था। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह सात बजे से ही परीक्षार्थी गेट खुलने का इंतजार करने लगे थे। हालांकि यातायात व्यवस्था बिगड़ने से कई छात्रों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। इंटर की परीक्षा के कारण शहर के वीआईपी सड़क पर जाम की स्थिति बनती रही। एमएलए एकेडमी के पास प्रवेश के समय स्थिति विकट थी। भारी जाम के कारण छात्र-छात्राओं को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में पसीने छूट रहे थे। कुछ छात्रों को पैदल ही परीक्षा केंद्र तक जाना पड़ा। अभिभावकों ने भी जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन से बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। अब तक इंटर परीक्षा में किसी भी केंद्र से कदाचार का कोई मामला सामने नहीं आया है। परीक्षा कें दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण का सिलसिला भी जारी है। रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण इंटर परीक्षा का आयोजन नहीं होगा। सोमवार को प्रथम पाली में विज्ञान व वाणिज्य संकाय के परीक्षार्थी हिंदी और द्वितीय पाली में कला संकाय के इतिहास, विज्ञान संकाय के एग्रीकल्चर तथा वोकेशन के इलेक्टिव सब्जेक्ट ट्रेड पेपर-क की परीक्षा होगी। इंटर परीक्षा का समापन 13 फरवरी को होगा। बेनीपुर में सात परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित : बेनीपुर। इंटरमीडिएट के तीन परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में 1727 परीक्षार्थियों में शनिवार को सात अनुपस्थित रहे। अनुमंडल सरकारी डिग्री कॉलेज, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय बेनीपुर एवं बहेड़ा कॉलेज बहेड़ा में केमिस्ट्री एवं अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई। सभी केंद्रों का औचक निरीक्षण डीसीएलआर अविनाश कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि कदाचारमुक्त एवं शांति वातावरण में परीक्षा चल रहा है। बिरौल में 20 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित : बिरौल। अनुमंडल मुख्यालय के सभी परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को इंटर की परीक्षा में प्रशासनिक सख्ती का असर साफ नजर आया। रसायन शास्त्र व अंग्रेजी विषय के आवंटित 2,015 परिक्षार्थियों में 1,995 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 20 परीक्षार्थी परीक्षा शामिल नहीं हुए। कदाचार या निष्कासन का किसी भी परीक्षा केंद्र से मामला सामने नहीं आया। सभी केंद्रों के केंद्र अधीक्षक ने बताया कि दोनों पालियों में परीक्षा कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



