Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsDarbhanga Assembly Election Vote Counting Security Measures and Regulations in Place
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कल होगी मतगणना

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कल होगी मतगणना

संक्षेप:

दरभंगा में विधानसभा चुनाव की मतगणना 14 नवंबर को सुबह 8 बजे शुरू होगी। कुल 86 स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस की तैनाती की गई है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है और बिना प्रवेश पत्र के किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। आपात चिकित्सा के लिए भी केंद्र स्थापित किया जाएगा।

Nov 12, 2025 11:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

दरभंगा। विधानसभा चुनाव की शुक्रवार को होने वाली मतगणना को लेकर कुल 86 स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती 14 नवंबर को प्रातः 08.00 बजे से कृषि उत्पादन बाजार समिति, शिवधारा स्थित बजगृह के बगल में बने मतगणना हॉल में प्रारंभ होगी। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतगणना को लेकर बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर दिया है। मतगणना के अवसर पर बजगृह एवं मतगणना हॉल जाने के रास्ते, मतगणना परिसर के प्रवेश द्वार, मतगणना परिसर के आसपास समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ किया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

दिल्ली मोड़ से शोमन तक बाजार समिति वाले भाग में एनएच-57 पर मतगणना कार्य से संबंधित वाहन को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन 14 नवंबर को 05:00 बजे पूर्वाह्न से मतगणना कार्य की समाप्ति तक बंद रहेगा। मतगणना के दिन दिल्ली मोड़ के पूरब बुचामन कट से शोभन तक आवागमन के लिए उत्तरी लेन का प्रयोग होगा। दक्षिणी लेन पूर्णतः बंद रहेगा। केवटी तथा बस स्टैंड एवं बेला गुमटी की ओर से शोभन की ओर जाने वाले वाहन उत्तरी लेन से आगे बढ़ेंगे। शिवधारा चौक से बाजार समिति परिसर एवं एनएच से बाजार समिति जाने वाली सड़क पर कोई वाहन अथवा व्यक्ति बिना प्रवेश पत्र के प्रवेश नहीं करेगा। बाजार समिति प्रांगण स्थित मतगणना स्थल के परिसर में प्रवेश द्वार के अंदर कोई भी पदाधिकारी-कर्मचारी बिना प्रवेश पत्र के अंदर नहीं जाएंगे। इस गेट के अंदर किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। मुख्य ड्राप गेट के अंदर मात्र डीएम एवं प्रेक्षक के वाहन के प्रवेश की अनुमति होगी। मतगणना परिसर में आपात चिकित्सा के लिए चिकित्सा केंद्र की स्थापना होगी। इसको लेकर सिविल सर्जन को निर्देश जारी किये गये हैं। अशांति फैलाने वाले पर कड़ी निगरानी रखते हुए सभी बीडीओ एवं थानाध्यक्ष अपने थाना क्षेत्र में आसूचनाओं का संकलन कर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सदर एसडीओ विकास कुमार एवं एसडीपीओ राजीव कुमार विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। मतगणना स्थल के मुख्य द्वार एवं शहरी क्षेत्र के विधि-व्यवस्था के संपूर्ण वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता मो. सलीम अख्तर एवं सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी होंगे। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बलों को मतगणना के दिन प्रात: 05.30 बजे तक अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर निश्चित रूप से योगदान देने का निर्देश दिया गया है। मब्बी, लहेरियासराय, नगर, सदर, कोतवाली, बेंता, बहादुरपुर एवं विश्वविद्यालय थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में मतगणना के दौरान एवं मतगणना समाप्ति के पश्चात परिणाम घोषित हो जाने के बाद सघन गश्ती कराने का निर्देश दिया गया है। विजयी उम्मीदवार अथवा उनके समर्थकों के विजयी जुलूस पर रोक रहेगी।