अधिकारी के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित
पंकज महासेठ, दरभंगा में सीपीआई (एम) ने 10 जून को रामनगर ग्रिड के पास धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। कार्यपालक अभियंता ने वार्ता के दौरान आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। खराब ट्रांसफार्मर को बदलने का काम शुरू कर दिया गया है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

पंकज महासेठ,दरभंगा। रामनगर ग्रिड से जुड़े अनार, बहेड़ी, हथौड़ी कोठी, घोषरामा, हायाघाट क्षेत्र एवं हनुमाननगर क्षेत्र में भीषण गर्मी में हो रही बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या को लेकर सीपीआई (एम) ने 10 जून को रामनगर ग्रिड के सहायक विद्युत अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। सीपीआई (एम) के बड़े आंदोलन की चेतावनी को संज्ञान में लेते हुए कार्यपालक अभियंता (विद्युत), दरभंगा ग्रामीण ने मंगलवार को पार्टी प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की। प्रतिनिधिमंडल में राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती, जिला सचिव मंडल सदस्य रामसागर पासवान, हनुमाननगर पार्टी सचिव सुनील शर्मा एवं बहेड़ी पार्टी नेता सत्यनारायण मुखिया शामिल थे।
कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर रामनगर ग्रिड एवं अनार, बहेड़ी, हायाघाट, घोषरामा, हथौड़ी, कोठी हनुमाननगर फीडर से जुड़े सभी उपभोक्ताओं को समुचित रूप से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। कार्यपालक अभियंता ग्रामीण ने बताया कि वर्तमान में बहेड़ी एवं हथौड़ी-कोठी को शिवाजीनगर ग्रिड से बिजली आपूर्ति की जा रही है। 50 केवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से उपभोक्ताओं को कठिनाई हो रही थी। नया ट्रांसफॉर्मर गरोल से चल चुका है। ट्रांसफॉर्मर चालू करने में सामान्यत: 20 दिन लगते हैं, लेकिन तीन शिफ्ट में मजदूर लगाकर एक सप्ताह के अंदर बिजली बहाल कर दी जाएगी। बहादुरपुर प्रखंड परिसर में नए ग्रिड की स्थापना हो रही है, वहीं से अब आसपास के गांवों को आपूर्ति होगी। कार्यपालक अभियंता के आश्वासन पर सीपीआई (एम) राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने 10 जून को रामनगर ग्रिड के पास प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को तत्काल स्थगित करने की घोषणा की है। कहा कि एक सप्ताह के अंदर समुचित रूप से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो रामनगर ग्रिड के सामने आंदोलन चलाया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


