सतीघाट-राजघाट पथ का टेंडर किया गया फाइनल
कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र के सतीघाट-राजघाट मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य अब शुरू होने वाला है। फाइनेंशियल बिडिंग 9 मई को पूरी हो गई है और टेंडर मधुबनी के एक संवेदक को दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है, क्योंकि इस मार्ग के बनने से कई गांवों को लाभ मिलेगा।

शिव कुमार खर्गा,बिरौल। कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित सतीघाट-राजघाट मुख्य मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। वर्षों से विभागीय खींचतान और लेटलतीफी में फंसी इस सड़क का फाइनेंशियल बिडिंग का कार्य नौ मई को पूर्ण हो गया। टेंडर मधुबनी के एक संवेदक के पक्ष में गया है। आरटीआई एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार यादव ने बताया कि यह मार्ग लंबे समय से विभागीय उलझनों में फंसा था। इस सड़क को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन से लेकर विभागीय मंत्री व अधिकारियों को पत्राचार किया गया था।काफी प्रयास के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन उसके बाद भी विभागीय सुस्ती के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर वे विगत दो अप्रैल को पथ निर्माण विभाग, पटना के अपर मुख्य सचिव से मिले थे। वहां उन्होंने विभागीय प्रक्रिया को जल्द पूरा कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। विनोद यादव के अनुसार, नौ मई को फाइनेंशियल बिडिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि एक माह के अंदर टेंडर अवार्ड और वर्क ऑर्डर निर्गत करने जैसी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली जाएंगी।इसके तुरंत बाद सड़क का निर्माण कार्य धरातल पर प्रारंभ हो जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सतीघाट-राजघाट मुख्य मार्ग की हालत जर्जर होने से आवागमन में भारी परेशानी होती थी। बरसात में तो स्थिति और बदतर हो जाती थी। टेंडर फाइनल होने की सूचना के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी है। लोगों को उम्मीद है कि अब जल्द ही उन्हें जर्जर सड़क से छुटकारा मिलेगा और आवागमन सुगम होगा। इस मार्ग के बनने से दर्जनों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


