Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsChhath Puja Celebrated in Darbhanga Jail with Special Arrangements for Inmates
दरभंगा मंडल कारा में इस बार 39 श्रद्धालु कर रहे हैं छठ व्रत

दरभंगा मंडल कारा में इस बार 39 श्रद्धालु कर रहे हैं छठ व्रत

संक्षेप: दरभंगा मंडल कारा में इस बार 39 श्रद्धालु छठ पूजा करेंगे, जिसमें 24 महिलाएं शामिल हैं। जेल प्रशासन ने पूजा सामग्री और नए कपड़ों की व्यवस्था की है। विशेष वार्ड और घाटों की व्यवस्था की गई है। अधीक्षक ने...

Mon, 27 Oct 2025 11:19 AMNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

लहेरियासराय। दरभंगा मंडल कारा में प्रति वर्ष की तरह इस बार भी छठ पूजा का आयोजन किया गया है। इस बार 39 श्रद्धालु छठ पूजा करेंगे। इनमें 24 महिला श्रद्धालु शामिल हैं। छठ पूजा को लेकर जेल प्रशासन की ओर से साड़ी, धोती व पूजा सामग्री की व्यवस्था की गई है। छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए भी नये कपड़े का इंतजाम किया गया है। छठ व्रतियों के लिए एक विशेष वार्ड की व्यवस्था की गई है, जिसमें विधि-विधान के साथ पूजा की जाएगी। छठ व्रत को लेकर पूरे जेल परिसर की साफ-सफाई की गई है। छठ व्रतियों के लिए दो घाटों की व्यवस्था की गई है।

इसमें एक घाट पर पुरुष श्रद्धालु, वहीं दूसरे घाट पर महिला श्रद्धालु व्रत करेंगी। घाट सजाने का काम अंतिम दौर में है। वहां लाइट का भी अच्छा प्रबंध किया गया है। इस बार व्रतियों में पूजा को लेकर खासा उत्साह है। वे लोग छठी मैया से अच्छा नागरिक बनने की कामना रखकर पूजा कर रहे हैं। काराधीक्षक स्नेहलता ने बताया कि छठ व्रतियों को कहा गया है कि नियम-निष्ठा से पूजा करें। अगर किसी तरह की परेशानी होती है तो बेहिचक उन्हें बताएं। अधीक्षक ने बंदियों से कहा है कि जब वे लोग बाहर जाएं तो अच्छा काम करें और सामान्य जीवन व्यतीत करें। उन्होंने बंदियों को अपराध से दूर रहने की सीख दी है। अधीक्षक ने बंदियों को छठ व्रत के अवसर पर अपराध नहीं करने का संकल्प लेने को कहा। उपकारा परिसर में बनाया गया तालाब बेनीपुर। उपकारा बेनीपुर में आधा दर्जन से अधिक विचाराधीन कैदी चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ मना रहे हैं। छठ करने के लिए जेल प्रशासन ने पूजा सामग्री उपलब्ध करायी है। जेल के अंदर छोटा सा तालाब को बनाकर उसे सुंदर ढंग से सजाया गया है। जेल सूत्रों के मुताबिक सात बंदी जयमाला देवी, रूबी देवी, उषा देवी, ज्ञानी देवी, ममता देवी, रीना देवी व राज कुमार मुखिया छठ पर्व मना रहे हैं। रविवार को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी जलाकर खरना का प्रसाद छठ व्रतियों ने बनाकर प्रसाद वितरण किया। फिलहाल जेल में 226 विचाराधीन कैदी हैं। उन सभी को खरना का प्रसाद दिया गया। डूबते एवं उगते भाष्कर भगवान को अर्घ्य देने के लिए व्रतियों को नये वस्त्र भी उपलब्ध कराये गये हैं। फल-फूल आदि पूजा सामग्री उपलब्ध करायी गयी है। रंगोली एवं बिजली प्रकाश की व्यवस्था की गई है।