Darbhanga News: बेनीपुर:नशेड़ियों ने छीना मोबाइल
Darbhanga News: महाकाल के प्रसिद्ध शिव मंदिर सिद्धेश्वर भूतनाथ पोहद्दी में नशेड़ियों ने श्रद्धालुओं के पूजा-अर्चना को बाधित किया। श्रद्धालुओं ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीण एसपी को सूचित किया गया। नशेड़ियों का उत्पात जारी रहा। पुलिस ने बाद में पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया।

Darbhanga News: विजय राय,बेनीपुर। महाकाल का प्रसिद्ध शिव मंदिर सिद्धेश्वर भूतनाथ पोहद्दी असामाजिक तत्वों एवं नशेड़ियों के आतंक से जूझ रहा है। श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने से वंचित हो रहे हैं। रविवार को करीब ढाई बजे दिन में एक दर्जन नशेड़ियों ने मंदिर की धर्मशाला में जमकर शराब पी और पूजा करने आए श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। नशेड़ियों के व्यवहार से त्रस्त कुछ श्रद्धालुओं ने पहले बहेड़ा पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। करीब आधा घंटा बीतने के बाद एसडीपीओ से भी मंदिर परिसर में पुलिस भेजने की मांग की गई, लेकिन पुलिस के नहीं पहुंचने से नशेड़ियों का तांडव जारी रहा। अंत में ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी को घटना से अवगत कराया गया। ग्रामीण एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएचओ को अतिशीघ्र मंदिर परिसर में पुलिस बल भेजने का आदेश दिया। इसी बीच नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड निवासी मो. निजामुद्दीन, मो. वसीम, मो. सुयेब आदि मंदिर के बगल में बह रही कमला नदी में स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान नशेड़ियों ने मो. हीरा के पुत्र मो. सुयेब का मोबाइल छीनकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा होने पर राहगीरों के पहुंचने पर मोबाइल वापस कर दिया।
घंटों बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची
घंटों बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक असामाजिक तत्व फरार हो चुके थे। पुलिस को मंदिर के पुजारी ने पूरी घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रत्येक दिन दोपहर एक से तीन बजे तक और शाम छह से नौ बजे तक नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इसी कारण श्रद्धालु पूजा-पाठ करने के लिए मंदिर आने से परहेज कर रहे हैं।
पांच वारंटियों को किया गिरफ्तार
बेनीपुर। पुलिस ने जौघट्टा एवं मोतीपुर गांव से छापेमारी कर फरार पांच वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी गिरफ्तार वारंटियों को पुलिस ने रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जौघट्टा के विनोद सहनी, बहादुर सहनी, महेंद्र सहनी तथा मोतीपुर के धनु शर्मा एवं त्रिशूल देवी (पति-पत्नी: को गिरफ्तार किया गया।


