बहेड़ी में गायत्री मंदिर में चोरी
बहेड़ी के गायत्री प्रज्ञा पीठ में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोलकर मंदिर के ताले तोड़ दिए। चोरों ने माता के कीमती आभूषण और दानपात्र से नकदी चुरा ली। चोरी का सामान लगभग पांच लाख रुपये का है। ग्रामीणों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और जल्द खुलासा करने की मांग की।

बहेड़ी। थाना क्षेत्र के गायत्री प्रज्ञा पीठ (गायत्री मंदिर) में शुक्रवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने मंदिर के मुख्य द्वार व गर्भगृह का ताला तोड़कर माता के कीमती आभूषण और दानपात्र में रखी नकदी चोरी कर ली। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है। शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा देख सन्न रह गए। गर्भगृह से माता का मुकुट समेत अन्य आभूषण गायब थे। सूचना मिलते ही आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को खबर दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार, चोर माता का करीब एक किलो वजन का मुकुट (चांदी पर सोने का पानी चढ़ा हुआ), चांदी का टीका, चैन, चांदु, चार अंगूठियां सहित अन्य आभूषण ले गए। साथ ही दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी राशि भी निकाल ली गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए प्रयास जारी है। ग्रामीणों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



