Hindi NewsBihar NewsDarbhanga NewsBrutal Knife Attack in Hayaghat 20-Year-Old Fights for Life After Assault by Mob
फोन कर युवक को बुलाया और चाकुओं से गोद दिया

फोन कर युवक को बुलाया और चाकुओं से गोद दिया

संक्षेप:

हायाघाट में 22 जनवरी को एक युवक सचिन झा पर 10-15 हमलावरों ने चाकुओं से हमला किया। गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद उसे पहले पीएचसी फिर डीएमसीएच और अंत में आईजीआईएमएस, पटना रेफर किया गया। सचिन की हालत गंभीर है और उसके चाचा ने हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

Jan 24, 2026 01:15 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

हायाघाट,। हायाघाट रेलवे गुमती के पास गत 22 जनवरी को एक हमलावर ने एक युवक को फोन कर बुलाया और उसके पहुंचते ही घात लगाए 10-15 लोगों ने मिलकर उसे चाकुओं से गोद दिया। हमले के दौरान भीड़ जुटने पर सभी हमलावर फरार हो गए। हमले में जख्मी युवक को आनन-फानन में पीएचसी में लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने फौरन उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच से भी उसे आईजीआईएमएस, पटना रेफर कर दिया गया। वहां वह जीवन के लिए जूझ रहा है। जख्मी युवक की पहचान पौराम निवासी ब्रह्मदेव झा के पुत्र सचिन झा (20) के रूप में की गयी है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

घटना के संबंध में जख्मी के चाचा मनोज झा एवं अन्य प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि 22 जनवरी की सुबह 10:30 बजे सचिन गुमती के पास आया। उसके पहुंचते ही चाकुओं से लैस 10 से अधिक लोग एकाएक उस पर टूट पड़े और सभी ने मिलकर उसके शरीर को बुरी तरह चाकुओं (डाइगर) से गोद दिया। जब तक लोग कुछ समझे तब तक सभी बिलासपुर गांव की तरफ फरार हो गए। एक साथ कई चाकुओं के बेतरतीब हमलों से सचिन को संभलने का मौका नहीं मिला। सचिन के चाचा एवं डॉक्टरों के अनुसार सचिन की बांह, पेट, पीठ एवं पंजरे में कई गहरे जख्म हैं। चाकू के प्रहार से सचिन के किडनी और मलद्वार की जगह भी काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। किडनी में चाकू लगने से लगातार सचिन के पेशाब से खून तो निकलता ही है, साथ ही पेट के अंदर भी अत्यधिक रक्तस्राव होने से पेट में भी खून इक्कट्ठा हो रहा है। सचिन फिलहाल बेहोशी की हालत में आईजीआईएमएस के आईसीयू में भर्ती है। वहां उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। इस मामले को लेकर सचिन के चाचा मनोज झा ने हायाघाट थाने में आवेदन देकर रुस्तमपुर निवासी मो. एहसान के पुत्र मो. इरशाद को नामजद करते हुए 10-15 अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवायी है। थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार भारती के अनुसार इस मामले को लेकर एपीएम थाने के रतनपुरा व बलहा में छापेमारी कर आधा दर्जन अप्राथमिकी हमलावर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कई नाबालिग भी हैं। ये सभी हमले में शामिल थे। बालिग एवं नाबालिगों की पहचान व पुष्टि कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।