
दृष्टि दिव्यांग युवाओं के लिए हो रही ठोस पहल
दरभंगा में दृष्टि दिव्यांग युवाओं के लिए कौशल आधारित आवासीय प्रशिक्षण का केंद्र स्थापित किया जाएगा। नेत्रम फाउंडेशन के माध्यम से स्वरोजगार की नींव रखी जा रही है। यहां विभिन्न जिलों के दिव्यांग युवाओं को ठोस और दीर्घकालिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह पहल दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
दरभंगा। बिहार में दृष्टि दिव्यांग युवाओं के लिए ठोस पहल की जा रही है। दरभंगा कौशल आधारित आवासीय प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा। नेत्रम फाउंडेशन के माध्यम से स्वरोजगार की सशक्त नींव रखी जा रही है। ये बातें नेत्रम फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सह राजकीय नेत्रहीन उच्च विद्यालय, दरभंगा के प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश किरण झा ने कही। उन्होंने कहा कि बिहार में पहली बार दृष्टि दिव्यांग एवं अन्य दिव्यांग युवाओं के लिए कौशल आधारित आवासीय प्रशिक्षण की ठोस और दीर्घकालिक पहल की जा रही है। प्रारंभिक चरण में विभिन्न जिलों में अलग-अलग प्रशिक्षण के बजाय दरभंगा में ही सुव्यवस्थित आवासीय प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा।
यहां विधिवत नामांकन के माध्यम से बिहारभर के दिव्यांग युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। श्री झा ने कहा कि इसी उद्देश्य से नवीन कुमार वर्तमान में नई दिल्ली में धूपबत्ती, अगरबत्ती, मोमबत्ती, पेपर बैग, एनवेलप सहित अन्य रोजगारोन्मुख विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटने के बाद वे दरभंगा स्थित प्रस्तावित आवासीय केंद्र में कौशल आधारित प्रशिक्षण देंगे, ताकि यहां सशक्त, आत्मनिर्भर और स्थायी प्रशिक्षण मॉडल विकसित किया जा सके। फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष दृष्टि दिव्यांग उज्ज्वल कुमार ने कहा कि एक ही स्थान पर आवासीय प्रशिक्षण से गुणवत्ता, अनुशासन और निरंतर मार्गदर्शन सुनिश्चित होगा। इससे दिव्यांग युवाओं को वास्तविक स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। फाउंडेशन के महासचिव एवं ट्रस्टी अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि यह पहल दिखावे की नहीं, जमीनी स्तर पर दिव्यांगजनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में गंभीर और दूरगामी प्रयास है। अशोक कुमार अमर, फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य ओम प्रकाश शर्मा आदि ने इसे दिव्यांग समाज के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी कदम बताया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




