
नशामुक्ति दिवस पर स्कूली बच्चों ने निकाली प्रभातफेरी
दरभंगा में नशा मुक्ति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम कौशल कुमार ने बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के प्रति प्रतिबद्धता जताई। विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें कई अधिकारी और विद्यार्थी शामिल हुए। विजेताओं को डीएम द्वारा सम्मानित किया गया।
दरभंगा। समाहरणालय सभागार में डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में नशा मुक्ति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिवेशन भवन, पटना से मंत्री बिजेंदर प्रसाद यादव के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। डीएम ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है तथा जिला प्रशासन इसे सख्ती से लागू करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों में निबंध-लेखन, चित्रकला तथा वाद-विवाद सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शराब बंदी अभियान को जिला में प्रभावकारी ढंग से लागू करने, सहभागिता बढ़ाने तथा शराब विनष्टीकरण का उल्लेखनीय कार्य किया गया है।
नशा मुक्ति अभियान के पैगाम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बुधवार को सुबह में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें अधिकारियों के अलावा काफी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी सम्मिलित हुए। मंगलवार को आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता अभिराज, संजू कुमारी एवं प्रिंस राज, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता आदित्य राज, बेबी कुमारी एवं सूरज साह तथा निबंध-लेखन प्रतियोगिता के विजेता प्रियांशु कुमारी, तेज नारायण कुमार एवं पार्थ कुमार को डीएम ने पाठ्य पुस्तक, प्रशस्ति पत्र आदि प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदी उपस्थित रही। इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, सहायक आयुक्त मद्द निषेध प्रदीप कुमार, डीपीएम ऋचा गार्गी, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




