Darbhanga News: आवेदनों के निष्पादन से आवेदकों को कराएं अवगत
Darbhanga News: दरभंगा जिले के बेनीपुर प्रखंड में एक सहायता शिविर आयोजित किया गया। विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि इसका उद्देश्य नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का दौरा करने से बचाना है। इस शिविर में 140 लोगों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिया।

Darbhanga News: दरभंगा/बेनीपुर, हिटी। बेनीपुर प्रखंड की देवाराम अमैठी एवं गणेश-बनौल-बलनी पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर लगाया गया। इसमें 140 लोगों ने आवेदन दिया। उद्घाटन करते हुए विधायक सह सचेतक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार पंचायत स्तर पर सहायता शिविर का आयोजन इसलिए कर रही है ताकि लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने लोगों से शिविर का बढ़-चढ़कर लाभ उठाने की अपील की। डीएम कौशल कुमार ने भी लोगों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन देने और उसका समाधान कराने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को उनके आवेदन के निष्पादन की स्थिति से भी अवगत कराएं।
इसके बाद डीएम ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें तथा जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही नियमानुसार समाधान किया जाए। साथ ही जिन मामलों में अन्य विभागों अथवा उच्च स्तर से कार्रवाई अपेक्षित हो, उसका लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने भी लोगों को शिविर के उद्देश्य और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। शिविर में देवाराम अमैठी पंचायत में 55 लोगों ने, जबकि गणेश-बनौल-बलनी पंचायत में 85 लोगों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए। मौके पर एसडीएम मनीष झा, एसडीपीओ बासुकीनाथ झा, डीसीएलआर अविनाश सिंह, बीडीओ राहुल कुमार कर्ण, बीपीआरओ रूपेश कुमार और सीओ, एमओ सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


