
एक करोड़ लोगों को रोजगार देने की घोषणा पर जताया हर्ष
बिहार सरकार ने विधानसभा में अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया। इस बजट में 30 हजार करोड़ की अतिरिक्त राशि दी गई है और अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया है। युवाओं में खुशी की लहर है, खासकर उन लोगों में जो दूसरे प्रदेशों में काम कर रहे हैं।
दरभंगा। बिहार सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश कर सूबे के सर्वांगीण विकास की पटकथा लिख दी। पिछले बजट से 30 हजार करोड़ की अतिरिक्त राशि देकर एक ओर शिक्षित बिहार का संकल्प दोहराया तो अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा कर सूबे से बेरोजगारी को दूर करने की दिशा में अपने प्रण को अमलीजामा पहनाने की घोषणा की। रोजगार देने के सरकार के संकल्प से युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। खासकर ऐसे युवा जो इंजीनियरिंग और एमबीए की डिग्री लेकर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई सहित दूसरे प्रदेशों में काम कर वहां की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ कर रहे हैं।
इन युवाओं में इस बात की खुशी है कि सरकार अगर उन्हें मौका देती है तो उन्हें अपने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को चार चांद लगाने का मौका मिलेगा। साथ ही सरकारी नौकरी मिलने से उन्हें औने-पौने सैलरी में प्रदेशों में काम करने से छुटकारा मिल सकेगा। मुंबई में एक निजी कंपनी में काम कर रहे अललपट्टी के ऋषभ कुमार ने कहा कि उन्हें अपने प्रदेश में ही रोजगार मिल जाए तो वे परिवार को छोड़कर इतनी दूर क्यों जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग की डिग्री मिलने के बाद यहां नौकरी नहीं मिलने की वजह से उन्हें बाहर जाना पड़ा। सरकार की ओर से सूबे में ही रोजगार उपलब्ध कराने की पहल स्वागत योग्य है। बेंगलुरु में काम कर रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर केशव कुमार ने भी सरकार की ओर से रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सूबे में नई कंपनियों को बुलावा देने से रोजगार के अवसर ऐसे भी बढ़ जाएंगे। सरकारी नौकरी मिल जाती है तो उनका भविष्य भी सुरक्षित हो जाएगा। नोएडा में सिविल इंजीनियरिंग के रूप में निजी कंपनी में काम कर रहे रोहन कुमार ने कहा कि सूबे के विकास की दिशा में मौका मिलता है तो इससे ज्यादा खुशी की क्या बात होगी। डिग्री हासिल करने के बाद परिवार की उम्मीदों पर खरा उतरना बड़ी जिम्मेदारी होती है। इस वजह से निजी कंपनी में काम करना पड़ रहा है। अपने प्रदेश में सरकारी या निजी नौकरी मिलती है तो वे अपने आपको को सौभाग्यशाली मानेंगे। उन्होंने कहा कि डिग्री हासिल कर हजारों युवा रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन कर रहे हैं। छात्र अनुराग कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से रोजगार सृजन की घोषणा से उन्हें काफी राहत मिली है। बराबर सोचते थे कि पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें रोजगार के लिए उन्हें भटकना पड़ेगा। सरकार की घोषणा से रोजगार मिलने की उम्मीद जगी है। उज्ज्वल कुमार, पवन कुमार महतो, राहुल प्रधान आदि छात्रों ने सरकार की घोषणा का जमकर स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि घोषणा को अमलीजामा पहनाया जाता है तो सूबे से युवाओं का पलायन रुकेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




