कांग्रेस ने महागठबंधन की बिगाड़ी सूरत
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महागठबंधन में कोई ठिकाना नहीं है। उन्होंने एनडीए की सभा में भाजपा के समर्थन में बात करते हुए कहा कि भाजपा बिहार में रामराज्य स्थापित करना चाहती है।...

गौड़ाबौराम। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दूसरे राज्य से एक कांग्रेसी नेता बिहार आये थे। वे महागठबंधन की सूरत बिगाड़कर चले गये। महागठबंधन में न तो दल का कोई ठिकाना है और न ही सिंबॉल का। कैंडिडेट कोई है तो सिंबॉल किसी और को मिल गया। वे शुक्रवार को बड़गाव में गौड़ाबौराम से भाजपा प्रत्याशी सुजीत कुमार के समर्थन में आयोजित एनडीए की चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा बिहार में रामराज्य स्थापित करना चाहती है, जबकि महागठबंधन जंगलराज का हिमायती है। रामराज्य का मतलब सबका साथ सबका विकास है।
उन्होंने कहा कि एनडीए पांच पांडव हैं। पांच पांडव जहां भी रहेंगे, जीत वहीं सुनिश्चित होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में नेता प्रतिपक्ष झूठ बोलकर भोली-भाली जनता को बरगला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का कुल बजट तीन लाख करोड़ रुपये का है, जबकि विपक्ष 12 लाख करोड़ रुपये खर्च करने की बात करता है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने पर यहां की जलजमाव की समस्या का निदान किया जायेगा। बिहार सरकार के मंत्री हरि सहनी ने भी विचार रखे। दरभंगा सांसद व भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने केंद्र सरकार की पहल पर बिहार में शुरू की गयी परियोजनाओं की विस्तार से चर्चा की। सभा को पूर्व मंत्री संजय पासवान व भाजपा दरभंगा पूर्वी जिलाध्यक्ष विनय पासवान सहित एनडीए घटक दल के कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सम्बोधित किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




