Darbhanga News: बहेड़ी:सहयोग शिविर में लाभुकों ने की पेंशन की शिकायत
Darbhanga News: शशि प्रकाश,बहेड़ी। प्रखंड की हावीडीह उत्तरी पंचायत के मध्य विद्यालय कमारपोखर, हावीडीह मध्य पंचायत के

Darbhanga News: शशि प्रकाश,बहेड़ी। प्रखंड की हावीडीह उत्तरी पंचायत के मध्य विद्यालय कमारपोखर, हावीडीह मध्य पंचायत के पंचायत सरकार भवन तथा नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बहेड़ी में मंगलवार को सहयोग शिविर लगाये गए। हावीडीह मध्य पंचायत के पंचायत सरकार भवन में विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने शिविर का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित लगातार मिल रही शिकायतों पर विधायक ने संबंधित काउंटर पर मौजूद कर्मी को फटकार लगाते हुए शिकायतों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। इधर, हावीडीह उत्तरी और हावीडीह मध्य पंचायत में पीएचईडी का काउंटर तो लगाया गया, लेकिन कर्मी के मौजूद नहीं रहने से लोगों को परेशानी हुई।
दोनों पंचायतों में विभागीय कनीय अभियंता भी काफी देर से शिविर में पहुंचे। इससे नल-जल योजना की शिकायत लेकर पहुंचे लोगों को इंतजार करना पड़ा। हावीडीह मध्य पंचायत की मुखिया रूबी देवी, उनके प्रतिनिधि कन्हैया यादव तथा हावीडीह उत्तरी पंचायत के मुखिया तेज नारायण यादव ने कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। इससे निपटने के लिए सरकार को इन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। शिविर में बीडीओ रोहित कुमार साह, सीओ रविकांत, बीपीआरओ उपेंद्र राम समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।


