कॉलेजों में चल रहे व्यावसायिक कोर्स की अब लेनी होगी स्वीकृति

Feb 27, 2026 01:06 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दरभंगा
share Share
Follow Us on

दरभंगा। विश्वविद्यालय के अंतर्गत अंगीभूत कॉलेजों में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए स्वीकृति लेनी होगी। उच्च शिक्षा निदेशक ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिव को निर्देश दिए हैं कि सीट निर्धारण के लिए उचित अनुशंसा प्रस्तुत की जाए। प्रो. पुनीता झा को मानविकी संकायाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

कॉलेजों में चल रहे व्यावसायिक कोर्स की अब लेनी होगी स्वीकृति

दरभंगा। विश्वविद्यालय अंतर्गत अंगीभूत कॉलेजों में संचालित हो रहे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्वीकृति लेनी होगी। इस संबंध में उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिव को निर्देश जारी किया है। जारी पत्र के अनुसार विश्वविद्यालय प्रशासन को यह निर्देश दिया गया है कि अंगीभूत कॉलेजों में संचालित हो रहे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सीट निर्धारण के संदर्भ में अपनी अनुशंसा सक्षम प्राधिकार से अनुमोदित कर पटना उच्च न्यायायलय के न्यायादेश में निर्धारित समय-सारिणी के सदृश्य विभाग में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि ससमय व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए सीटों के निर्धारण के साथ-साथ संचालन की अनुमति प्रदान की जा सके।

पत्र में कहा गया है कि छात्रों के शैक्षणिक हित को देखते हुए प्रत्येक विश्वविद्यालय को अपने नियंत्रणाधीन संचालन कॉलेजों में विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सीटों की संख्या निर्धारण करने के लिए शैक्षणिक सत्र 2023-24 एवं 2024-25 के लिए प्राधिकृत किया गया था। साथ ही निर्देश दिया गया था कि विवि सिर्फ उन्हीं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की अनुमति प्रदान करेंगे या सीट निर्धारित करेंगे, जिसके लिए राज्यपाल सचिवालय से ऑर्डिनेंस एवं रेगुलेशन अधिसूचित की जा चुकी है। यह भी निर्देश दिया गया था कि आगामी शैक्षणिक सत्र से सीट निर्धारण के संबंध में अपनी अनुशंसा संबंधन के लिए न्यायादेश के आलोक में उपलब्ध कराया जाए। उक्त निर्देश के आलोक में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालयों के अंतर्गत अंगीभूत कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा गत वर्ष व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सीटों की स्वीकृति एवं नामांकन के लिए दिए गए निर्देश के क्रम में राज्य के मात्र मगध विश्वविद्यालय से अंगीभूत कॉलेजों के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराया गया। राज्य के अन्य किसी भी विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों के लिए प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में सत्र 2024-25 में दिए गए स्वीकृति के आधार पर ऐसे अंगीभूत कॉलेजों के छात्रों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए शैक्षणित सत्र 2025-26 में राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के अंगीभूत कॉलेजों को बीसीए, बीबीए, बीएमएस सहित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए सीट निर्धारण तथा पढ़ाई प्रारंभ करने की अनुमति के लिए विश्वविद्यालय को सशर्त प्राधिकृत किया गया है। शर्तों के अंतर्गत बीसीए, बीबीए एवं बीएमएस में एआईसीटीई से मान्यता का अक्षरश: पालन किया जाएगा। कॉलेजों में सत्र 2023-24 एवं 2024-25 में जिन पाठ्यक्रमों में जितनी सीटों की अधिसीमा की स्वीकृति दी गई थी, उतनी ही सीटों एवं उन्हीं विषयों में नामांकन लिए जाएंगे, बशर्ते कि उन पाठ्यक्रमों का ऑर्डिनेंस, रेगुलेशन राज्यपाल सचिवालय से निर्गत हो। जो कॉलेज वांछित आधारभूत संरचना, प्रयोगशाला की सुविधा, शैक्षणिक कर्मी आदि के मानक को पूरा नहीं करते हों तो तदनुसार अनुमान्यता के अनुरूप सीटों में कमी करेंगे अथवा नामांकन नहीं लेने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। प्रो. पुनीता झा बनीं मानविकी संकायाध्यक्ष दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. पुनीता झा को मानविकी संकाय का नया डीन नियुक्त किया गया है। वे एक मार्च से इस पद का कार्यभार संभालेंगी। वर्तमान मानविकी संकायाध्यक्ष प्रो. मंजू राय 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो रही हैं। कुलपति के आदेश से कुलसचिव ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।