डिग्री कॉलेज स्थल का डीएम ने लिया जायजा, अतिक्रमण पर दिखे सख्त
अलीनगर में डिग्री कॉलेज के भवन निर्माण के लिए डीएम कौशल कुमार ने स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजने और सरकारी जमीन का मुआयना करने का निर्देश दिया। पकड़ी चौक और श्यामपुर महादलित टोल के पास दो संभावित स्थल देखे गए। कॉलेज की स्थापना की मांग पिछले वर्ष से चल रही है।
अलीनगर। डिग्री कॉलेज की सौगात मिलते ही भवन निर्माण के लिए स्थल चयन की जायजा लेने के लिए बुधवार को डीएम कौशल कुमार अलीनगर पहुंचे। उन्होंने दो जगहों का जायजा लेते हुए सीओ से भूमि के सभी कागजात तैयार करने के साथ अतिक्रमण खाली कराने के लिए अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह के अंदर नोटिस भेजने का निर्देश दिया। डीएम की ओर सेे सबसे पहले क्षेत्र के हृदय स्थली कहलानेवाले पकड़ी चौक से पश्चिम की मुख्य हाइवे सड़क से उत्तर जमसारा चौड़ को देखा गया। जहां बिहार सरकार की करीब दस एकड़ जमीन उपलब्ध है और वर्तमान में मखाना की खेती की गई है।
वहीं श्यामपुर महादलित टोल के पास स्थित सरकारी जमीन(रकवा करीब दस एकड़) का मुआयना किया गया। इसके बाद वे सीधे अलीनगर हाई स्कूल में पहुंचकर तत्काल सोलह कमरों में से आवश्यकतानुसार कमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। ताकि किसी भी स्थिति में अन्य कक्षा के बच्चों को भी पढ़ाई में कोई बाधा नहीं पहुंचे। इधर, स्थल चयन के मामले आमलोगों के बीच हो रही चर्चाओं के अनुसार सबसे उपयुक्त स्थल पकड़ी चौक के पास जमसारा चौड़ है। जहां यातायात, वातावरण और सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी उपयुक्त है। मौके पर एडीएम मनोज कुमार, डीडीसी कुमार स्वप्निल, डीईओ विद्यानंद ठाकुर, एसडीएम मनीष चौधरी, बीडीओ ललित मिश्रा, सीओ कुमार शिवम, बीईओ मो. मसलेउद्दीन, सीएचसी प्रभारी डॉ. विमलेश प्रकाश, आरओ वंदना कुमारी, थानाध्यक्ष रंजीत शर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि राजीव यादव और मुखिया रंजन यादव सहित अन्य शिक्षाविद मौजूद थे। बता दें कि बहुप्रतीक्षित डिग्री कॉलेज की मांग पिछले वर्ष उस समय साफ हो गया था जब तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार ने सभी प्रखंडों में इसकी स्थापना करने की घोषणा की थी। प्रथम फेज में तारडीह के साथ अलीनगर में भी डिग्री कॉलेज की मान्यता होने के साथ तत्काल इसी सत्र से छः विषयों की पढ़ाई आरंभ करने के लिए अस्थायी तौर पर हाई स्कूल अलीनगर में निर्धारित की गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


