ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार दरभंगारसायन विज्ञान पर कृषि की है निर्भरता

रसायन विज्ञान पर कृषि की है निर्भरता

दरभंगा। केमिस्ट्री बहुविकल्पीय विषय है और इसमें सिद्धहस्त व्यक्ति कई क्षेत्रों में अपने कॅरियर...

रसायन विज्ञान पर कृषि की है निर्भरता
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,दरभंगाSun, 22 Jan 2023 01:01 AM
ऐप पर पढ़ें

दरभंगा। केमिस्ट्री बहुविकल्पीय विषय है और इसमें सिद्धहस्त व्यक्ति कई क्षेत्रों में अपने कॅरियर का निर्माण कर सकते हैं। इसमें एक क्षेत्र कृषि का भी है। गौर करें तो कृषि की व्यापक निर्भरता रसायन विज्ञान पर है। कृषि और रसायन आरंभ से ही एक-दूसरे पर निर्भर रहा है। आधुनिक युग में रसायन विज्ञान ने ही कृषि के क्षेत्र को व्यापकता दी है। ये बातें लनामिवि के रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेममोहन मिश्रा ने कही।

पीजी रसायन विज्ञान विभाग और डॉ. प्रभात दास फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ‘कृषि विज्ञान में रसायन विज्ञान की भूमिका विषयक सेमिनार में बीज भाषण देते हुए डॉ. मिश्र ने कहा कि कभी अन्न का आयात करने वाला भारत रासायनिक क्रांति की बदौलत आज अनाज का निर्यातक बन चुका है। सेमिनार में ऑनलाइन जुड़ीं भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान, कानपुर की वैज्ञानिक डॉ. कल्पना तिवारी ने बताया कि रसायनिक प्रयोगों की वजह से आज ऐसे प्लांट विकसित हो चुके हैं जो कम समय में अधिक उत्पादन देते हैं। रोज नई-नई प्रजातियों के पौधों का विकास किया जा रहा है। डॉ. तिवारी ने दलहन उत्पादन की कई आधुनिक रसायनिक विधियों को भी बताया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के वैज्ञानिक डॉ. आशीष खंडेलवाल ने कहा कि रासायनिक प्रक्रिया के बिना कृषि का उन्नत विकास संभव नहीं है। उन्होंने विस्तार से जैविक और रसायनिक उर्वरक के बारे में बताया। ऑनलाइन जुड़े भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान, भोपाल के वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद झा ने बताया कि पौधे मिट्टी से जो तत्व लेते हैं, वह भी एक रासायनिक क्रिया है। वस्तुत: रसायन क्रियाओं से ही कृषि प्राकृतिक और अप्राकृतिक तौर पर विकसित होती है। पर्यावरणविद एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. विद्यानंद झा ने सेमिनार की अध्यक्षता करते हुए कहा कि आधुनिक दौर में बिना रासायनिक खाद प्रयोग के खेती संभव नहीं है। संचालन छात्रा सृष्टि कुमारी व ऋचा मृणाल ने एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आंकाक्षा उपाध्याय ने किया। मौके पर फाउंडेशन के सचिव मुकेश कुमार झा, डॉ. संजय चौधरी, डॉ. कुशेश्वर यादव, डॉ. विकास कुमार सोनू, डॉ. अभिषेक राय आदि मौजूद थे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें