दरभंगा एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट कब से? केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से मिल संजय झा ने दिया अपडेट
बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट सुविधा का सपना साकार होने वाला है। जेडीयू सांसद संजय झा के अनुरोध पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडु ने नवंबर 2026 तक नए सिविल एन्क्लेव का काम पूरा करने का भरोसा दिया है।

उत्तर बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट से अंतराष्ट्रीय उड़ानें इसी साल शुरू हो सकती हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा ने बुधवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडु से मुलाकात करने के बाद यह अपडेट दिया। झा ने दरभंगा हवाई अड्डा पर निर्माणाधीन स्थायी सिविल एन्क्लेव का काम नवंबर 2026 तक पूरा करने और इसके बाद यहां से इंटरनेशनल फ्लाइट्स शुरू करने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने भी तय समय में काम पूरा होने का वादा किया है।
जेडीयू सांसद संजय झा ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय उड्डयन मंत्री से उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्हें एक पत्र सौंपकर दरभंगा एयरपोर्ट के कार्यों को तेज गति से पूरा करने का अनुरोध किया। संजय झा के अनुसार किंजरापु नायडु ने अपने विभाग से संबंधित जरूरी कार्रवाई आगामी नवंबर माह तक पूरे करने और इस सिलसिले में गृह मंत्रालय से जुड़े विषयों पर भी जरूरी सहयोग करने का आश्वासन दिया।
हाल ही में दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा का दायित्व केंद्रीय सुरक्षा बल सीआईएसएफ को सौंपा गया। संजय झा ने केंद्रीय मंत्री का इसके लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि दरभंगा उड़ान योजना के तहत विकसित पहला एयरपोर्ट है, जिसकी सुरक्षा व्यवस्था सीआईएसएफ को सौंपी गई है।
संजय झा ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट से सिर्फ उत्तर बिहार ही नहीं, बल्कि नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों, मिथिला, सीमांचल और आसपास के राज्यों के यात्रियों को भी हवाई सुविधा मिलती है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय, कारोबारी और पर्यटकों को इसका फायदा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए बिहार सरकार ने भूमि अधिग्रहण की दिशा में कार्यवाही कर दी है। इसके लिए कैबिनेट मंजूरी और बजट उपलब्ध करा दिया गया है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया इस महीने के अंत तक पूरी कर दी जाएगी। रक्षा मंत्रालय से भी एयरपोर्ट के विस्तार के लिए सैद्धांतिक सहमति मिलने की सूचना है।
हर साल 7 लाख यात्री कर रहे सफर
झा ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट उड़ान योजना के तहत देश के सर्वाधिक तेज गति से विकस होने वाला हवाई अड्डा बनकर उभरा है। हर साल 5 से 7 लाख यात्री यहां से हवाई सेवा की सुविधा लेते हैं। अब इस हवाई अड्डा पर स्थायी सिविल एन्क्लेव बनाया जा रहा है। टर्मिनल भवन का काम प्रगति पर है। उन्होंने केंद्र सरकार से दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने और नया टर्मिनल भवन बनने के बाद इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने की मांग की।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


