दानापुर-जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस अब पाटलिपुत्र स्टेशन पर रुकेगी, टाइमिंग जान लीजिए
Vande Bharat Express: पाटलिपुत्र जंक्शन पर दानापुर-जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से पटना के पश्चिमी इलाके के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वंदे भारत के ठहराव से स्थानीय लोगों में उत्साह है।

Vande Bharat Express: दानापुर-जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस का पाटलिपुत्र जंक्शन स्टेशन पर ठहराव रविवार से शुरू हो गया। इससे पटना के पश्चिमी इलाके के यात्रियों को जोगबनी और आसपास के क्षेत्रों की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। पाटलिपुत्र जंक्शन पर गाड़ी संख्या 26302 दानापुर-जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, सांसद रविशंकर प्रसाद और दीघा विधायक संजीव चौरसिया ने हरी झंडी दिखाकर किया। नई समय-सारणी के अनुसार दानापुर से जोगबनी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस शाम 5:21 बजे पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचेगी और 5:23 बजे आगे के लिए रवाना होगी। 14 सितंबर से जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 26301) का भी पाटलिपुत्र जंक्शन पर ठहराव होगा।
यह ट्रेन सुबह 11:11 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी और 11:13 बजे दानापुर के लिए रवाना होगी। पाटलिपुत्र स्टेशन पर वंदे भारत के ठहराव को लेकर स्थानीय यात्रियों में उत्साह देखा गया। इससे विशेष रूप से पटना पश्चिम क्षेत्र के लोगों को सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ सहित मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।
जंक्शन की सुरक्षा होगी अभेद्य चार सौ जवानों की होगी तैनाती
इधर विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के दौरान गया जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी की जा रही है। जंक्शन पर आरपीएफ, जीआरपी और आरपीएसएफ के चार सौ से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। गया जंक्शन क्षेत्र को सेक्टर में बांटकर सुरक्षा बल के अधिकारी और जवान तीन शिफ्ट में मोर्चा संभालेंगे। भीड़ नियंत्रण के साथ यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
गया जंक्शन के प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर सहायता बूथ बनाए जाएंगे। यहां तैनात जवान और कर्मी श्रद्धालुओं को ट्रेनों, प्लेटफॉर्म, निकास मार्ग, पूछताछ सहित अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएंगे। किसी यात्री को परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था में सादी वर्दी में महिला विंग ‘मेरी सहेली’ टीमें भी सक्रिय रहेंगी। ये टीमें उड़नदस्ता के रूप में प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में लगातार गश्त करेंगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के साथ छेड़छाड़, चोरी, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार, रेल एसपी अनंत कुमार राय व वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह और रेल डीएसपी गुलशन कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट इंस्पेक्टर बनारसी यादव तथा रेल थाना अध्यक्ष शिवकुमार तैयारियों में जुटे हैं।


