5 सरकारी योजनाओं की आड़ में साइबर ठगी, बिहार से तेलंगाना तक नेटवर्क; गिरफ्तार ठग का कबुलनामा

हिन्दुस्तान, पटना, प्रधान संवाददाता
Follow us on Google News
share

पीएम मुद्रा लोन समेत पांच सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों को ठगी करते थे। गिरोह का नेटवर्क बिहार समेत पांच राज्यों में फैला हुआ है।

5 सरकारी योजनाओं की आड़ में ठगी
5 सरकारी योजनाओं की आड़ में ठगी

बिहार की राजधानी पटना के मीठापुर से बीते दिनों गिरफ्तार नौ साइबर ठगों ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। बताया कि वे पीएम मुद्रा लोन समेत पांच सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों को फोन करते थे। गिरोह का नेटवर्क बिहार समेत पांच राज्यों में फैला हुआ है। साइबर पुलिस इन राज्यों में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

ठगी के लिए मीठापुर स्थित एक फ्लैट में छह कर्मचारियों को रखा गया था। ये कर्मचारी साइबर ठगी से प्राप्त रकम को दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करते थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े दो दर्जन से अधिक साइबर अपराधियों की अभी गिरफ्तारी होनी बाकी है।

इन योजनाओं के नाम पर ठगी

साइबर अपराधी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लोगों को फोन करते थे। जिन योजनाओं के नाम पर लोगों से संपर्क किया जाता था, उनमें पीएम मुद्रा लोन, किसान सम्मान निधि, पीएम विश्वकर्मा और पीएम आवास योजना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ऐसे लोगों को खास तौर पर निशाना बनाया जाता था, जिन्हें दस्तावेजों में कमी या अन्य कारणों से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया था। साइबर अपराधी उन्हें फोन कर योजना का लाभ दिलाने का भरोसा देते थे और इसके बाद जरूरी जानकारी लेकर ठगी करते थे।

कंपनी की तर्ज पर कारोबार

मीठापुर स्थित निजी फ्लैट को साइबर अपराधियों ने यह कहकर किराये पर लिया था कि वहां निजी कंपनी का कार्यालय चलाया जाएगा। फ्लैट में लैपटॉप और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी, ताकि आसपास के लोगों को किसी कंपनी का कार्यालय संचालित होने का भ्रम रहे। पुलिस ने जब फ्लैट पर छापेमारी की तो आसपास के लोग भी वहां चल रहे पूरे खेल को देखकर हैरान रह गए।

पुलिस ने विभिन्न बैंकों में खुलवाए 17 खातों को कराया फ्रीज

पुलिस ने पिछले चार दिनों में साइबर अपराधियों द्वारा अलग-अलग बैंकों में खुलवाए गए 17 बैंक खातों को फ्रीज कराया है। इनमें जक्कनपुर थाना क्षेत्र के मीठापुर स्थित फ्लैट में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार नौ साइबर अपराधियों के पांच खाते भी शामिल हैं। इसके अलावा राजीवनगर, कंकड़बाग और जमुई से गिरफ्तार तीन बदमाशों के बैंक खातों को भी फ्रीज कराया गया है। इन खातों में करीब 30 करोड़ होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इन खातों में ठगी के जरिए मंगाई गई रकम रखी गई है।

साइबर पुलिस ने समय रहते इन खातों की पहचान कर संबंधित बैंक अधिकारियों से इन्हें फ्रीज कराया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन खातों से किन-किन लोगों के बैंक खातों में रकम का लेनदेन किया गया है। साथ ही साइबर ठगी की शिकायत करने वाले लोगों के खातों से कहीं इन खातों में रकम तो नहीं भेजी गई थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar News5 सरकारी योजनाओं की आड़ में ठगी, बिहार से तेलंगाना तक नेटवर्क; ठग का कबुलनामा