वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसा गया कीड़े वाला खाना, रेलवे ने IRCTC और वेंडर पर ठोका 60 लाख का जुर्माना

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

पटना से टाटानगर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में परोसे गए खाने में कीड़े मिलने पर रेलवे ने ऐक्शन लिया है। यात्री की शिकायत पर आईआरसीटीसी और सर्विस प्रोवाइडर वेंडर पर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसा गया कीड़े वाला खाना, रेलवे ने IRCTC और वेंडर पर ठोका 60 लाख का जुर्माना

देश की सबसे प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को घटिया क्वालिटी का खाना परोसने पर रेलवे ने ऐक्शन लिया है। आईआरसीटीसी और वेंडर पर रेलवे ने 60 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया है। साथ ही वेंडर का अनुबंध भी रद्द कर दिया है। यह मामला बिहार की राजधानी पटना से झारखंड के टाटानगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का है। बताया जा रहा है कि यात्रियों ने ट्रेन के अंदर परोसे गए खाने में कीड़े होने की शिकायत की थी। इसके कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

रेलवे ने बुधवार रात को जारी बयान में कहा कि ट्रेन नंबर 21896 पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में 15 मार्च 2026 को यात्रा कर रहे एक यात्री ने भोजन की गुणवत्ता से संबंधित शिकायत की थी। रेलवे ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IRCTC) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

साथ ही सेवा प्रदाता फर्म पर भी 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर उसका कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया है। रेलवे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता को बनाए रखना ही हमारी प्राथमिकता है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पटना के रहने वाले रितेश कुमार सिंह टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। ट्रेन के अंदर जो डिनर परोसा गया, उसकी गुणवत्ता बहुत खराब थी। आईआरसीटीसी को लिखित में दी गई शिकायत में उन्हें परोसे गए भोजन में दही एवं दाल के अंदर जीवित कीड़े पाए गए।

इस घटनाक्रम के कुछ वीडियो एवं तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। बताया जा रहा है कि उस ट्रेन में सवार अन्य कुछ यात्रियों के खाने में भी कीड़े पाए गए। इसके बाद पैंट्री मैनेजर को बुलाया गया।

यात्रियों ने जब मैनेजर से कीड़े होने की इसकी शिकायत की तो उसने कहा कि इसमें केसर है। हालांकि, जब यात्री ने प्लेट के अंदर चलते हुए कीड़े दिखाए तो मैनेजर लिखित शिकायत करने की बात कहने लगा। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एक्सपायरी डेट का दही परोसा गया।

ट्रेनों में भोजन की गुणवत्ता पर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। आए दिन यात्री घटिया खाने की शिकायत करते हैं। वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में घटिया क्वालिटी का खाना परोसे जाने का यह मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। इसलिए रेलवे ने भी इसे गंभीरता से लेकर सर्विस प्रोवाइडर पर जुर्माना लगा दिया है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।