जेल से निकले कुख्यात को बदमाशों ने भूना, सिर में मारी 8 गोलियां; पटना में खौफनाक खूनी खेल

Feb 07, 2026 08:14 am ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, फुलवारीशरीफ, हिप्र
share Share
Follow Us on

सुनील मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। बाइक से एक युवक वहां पहुंचा, जिसका चेहरा रुमाल से ढका था। उसने भी एक सिगरेट मांगी। जैसे ही दुकानदार काउंटर के नीचे सिगरेट निकालने के लिए झुका, बाइक सवार युवक ने पास खड़े सुनील कुमार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

जेल से निकले कुख्यात को बदमाशों ने भूना, सिर में मारी 8 गोलियां; पटना में खौफनाक खूनी खेल

पटना के फुलवारी में बाइक सवार अपराधी ने जेल से छूटे कुख्यात सुनील कुमार (30) की सिर में आठ गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना उफड़पूरा, विकास विहार कॉलोनी में ई। वह मूल रूप से नौबतपुर के समनपुरा दरिया गांव निवासी शिव पूजन प्रसाद उर्फ मोहन यादव का पुत्र था। सुनील वर्तमान में उफड़पूरा विकास विहार कॉलोनी में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहता था। सूचना पर थाना प्रभारी गुलाम शहबाज, डीएसपी सुशील कुमार और पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंच मामले की जांच की।

प्रत्यक्षदर्शी जनरल स्टोर एक दुकानदार ने बताया कि सुनील कुमार उसकी दुकान पर सिगरेट और बिस्कुट खरीदने आया था। इसके बाद वह दुकान के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान बाइक से एक युवक वहां पहुंचा, जिसका चेहरा रुमाल से ढका था। उसने भी एक सिगरेट मांगी। जैसे ही काउंटर के नीचे सिगरेट निकालने के लिए झुका, उसी वक्त बाइक सवार युवक ने पास खड़े सुनील कुमार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही सुनील जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी उसने सुनील को आठ गोली मारकर सुनील की हत्या कर दी। वारदात के समय दुकान के पास एक बुजुर्ग भी बैठे थे। लेकिन फायरिंग से घबराकर वहां से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से तीन खोखे बरामद हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

दो शादी की थी

सुनील दूसरी पत्नी के साथ 12 वर्षों से रहता था। उसी के जमीन पर मकान भी बनाया था। सुनील कुमार चार भाइयों में मंझला था। उसकी दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी नौबतपुर में रहती है। सुनील दूसरी पत्नी के साथ विकास विहार कॉलोनी में रहता था।

हत्या, लूट समेत 12 मामलों में आरोपित था

सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के खिलाफ नौबतपुर सहित पटना के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, हत्या और शराब तस्करी से जुड़े 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।

सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद है। सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश बाइक सवार एक अपराधी गोली चलाते दिख रहा है।

एम्स के सिक्योरिटी इंचार्ज पर गोलीबारी में गया था जेल

खगौल में एम्स के एक सिक्योरिटी इंचार्ज पर गोली चलाने के आरोप में सुनील जेल गया था। उसी कांड में वह एक माह पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और बदले की भावना से जुड़ा मामला मान रही है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें