क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को बिहार सरकार से मिले 50 लाख रुपये, नीतीश ने सीएम हाउस में सौंपा चेक
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना स्थित सीएम आवास में क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का सम्मान किया। इस दौरान वैभव को प्रोत्साहन राशि के रूप में 50 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।

14 साल की उम्र में क्रिकेट जगत में सनसनी बन चुके वैभव सूर्यवंशी को बिहार सरकार ने सम्मानित किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें 50 लाख रुपये का इनाम दिया। मूलरूप से समस्तीपुर जिले के रहने वाले वैभव रविवार को पटना के एक, अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने उनका सम्मान किया और 50 लाख का चेक सौंपकर उनका हौसला बढ़ाया। इससे पहले भी बिहार सरकार उन्हें सम्मानित कर चुकी है।
इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत अन्य नेता एवं अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री विजय चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वैभव सूर्यवंशी बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश के क्रिकेट जगत के सितारे हैं। उन्हें बिहार सरकार ने सम्मानित किया है। वैभव की प्रतिभा को देखते हुए, पहले भी सरकार ने उन्हें सम्मानित किया था।
उन्होंने कहा कि वैभव के खेल को देखते हुए बिहार सरकार लगातार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। वह समस्तीपुर के रहने वाले हैं, तो उनका जिला भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। वैभव क्रिकेट जगत में लंबे समय तक चमकते रहे, पूरे बिहार और देशवासी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
अंडर-19 विश्वकप में खेली थी रिकॉर्ड तोड़ पारी
वैभव सूर्यवंशी इस साल हुए अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे। वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों की हवा निकाल दी थी। फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ महज 80 गेंदों में 175 रनों की रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली।
वैभव ने ताबड़तोड़ 15 चौके और 15 छक्के लगाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने निर्णायक मैच में इंग्लैंड को 100 रनों के बड़े अंतर से हराया और खिताब अपने नाम कर दिया।
इससे पहले वे अंडर 19 एशिया कप में भी भारत के लिए बड़ी पारी खेल चुके हैं। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स ने पिछले साल उन्हें एक करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि पर खरीदा था। उन्होंने आईपीएल में छक्के-चौकों की बरसात कर खूब सूर्खियां बटोरी थीं। वे टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज भी बने।
पिछले साल नीतीश ने दिए थे 10 लाख रुपये
छोटी उम्र में बड़े शॉट लगाने वाले समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रशंसक हैं। नीतीश इससे पहले दो बार वैभव को अपने आवास पर बुलाकर सम्मानित कर चुके हैं। आईपीएल में धुआंधार शतक जड़ने के बाद नीतीश ने अप्रैल 2025 में वैभव को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा था।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।



