आकाशदीप को सम्राट सरकार ने डीएसपी बनाया, शादी से पहले तोहफा; क्रिकेटर मुकेश कुमार भी अब पुलिस अफसर
बिहार के दो स्टार गेंदबाजों आकाशदीप एवं मुकेश कुमार को सम्राट सरकार ने सीधे डीएसपी बना दिया है। दोनों ही युवा क्रिकेटर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर अपनी छाप छोड़ चुके हैं।

क्रिकेट के क्षेत्र में बिहार का नाम दुनिया भर में रौशन करने वाले दो खिलाड़ियों को सम्राट सरकार ने पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बना दिया है। रोहतास जिले के रहने वाले स्टार बॉलर आकाशदीप और गोपालगंज निवासी भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार का चयन बिहार पुलिस में डीएसपी पद पर किया गया है। आकाशदीप की 24 जून को शादी होने वाली है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इन दोनों की नियुक्ति की जानकारी गृह विभाग के सचिव को दी है। बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026 के तहत उनकी नौकरी लगी है। दो दिन पहले ही इस नई नियमावली को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई थी।
विभाग के अनुसार, मुकेश कुमार चीन में आयोजित 19वें एशियन गेम्स, 2022 (2023) में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे थे। वहीं, आकाशदीप साल 2025 में इंग्लैंड में आयोजित पांच मैचों की भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरिज के साथ ही 19वें एशियन गेम्स, में भी भारत के लिए खेले थे।
मुकेश कुमार गोपालगंज जबकि आकाशदीप रोहतास स्थित सासाराम के निवासी हैं। मुकेश ने भारत के लिए तीन टेस्ट मैच, 6 वनडे और 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। वह अभी आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में दिल्ली कैपिटल्स टीम से खेलते हैं। वहीं, आकाशदीप ने भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेले हैं और उनमें शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 विकेट लिए हैं।
24 जून को अक्षिता संग फेरे लेंगे आकाशदीप
आकाशदीप की आगामी 24 जून को शादी होने वाली है। वह अपनी मंगेतर अक्षिता राज के साथ 7 फेरे लेंगे। शादी की रस्में रविवार से शुरू हो जाएंगी। तिलक समारोह उनके पैतृक गांव बड्डी में होगा, जबकि विवाह समारोह उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। शादी से ठीक पहले उन्हें बिहार सरकार की ओर से डीएसपी की नौकरी का तोहफा मिला है।
सम्राट चौधरी ने आकाशदीप को घर जाकर दी शादी की बधाई
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 16 जून को आकाशदीप के सासाराम स्थित घर पहुंचकर उन्हें शादी की अग्रिम बधाई एवं शुभकानाएं दी थीं। सीएम उनके घर पर बहुत देर रुके और परिवार के लोगों से बातचीत भी की थी। इससे पहले आकाशदीप ने बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से भी पटना में मुलाकात कर उन्हें शादी में आने का न्योता दिया था।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।



